क्रिया योग से चुनौतियों का सामना आसानी से संभव

Yoga

Kriya Yoga

क्रिया योग एक ऎसी विधा है, जिससे कोई भी व्यक्ति प्रोफेशनल और निजी जीवन में चुनौतियों का सामना बेहतर तरीके से कर सकता है।योगीराज श्यामाचरण मिशन द्वारा मंगलवार को हरिश्चन्द्र माथुर, राजस्थान लोक प्रशासन संस्थान में राजस्थान प्रशासनिक सेवा एवं अन्य राज्य सेवाओं के प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए क्रिया योग विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मिशन की संस्थापक कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती जयती कपूर ने अधिकारियों से कहा कि क्रिया योग एक ऎसी विधा है, जिसे अपनाकर वे न केवल अपने प्रोफेशनल और निजी जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना बेहतर तरीके से कर सकते हैं, बल्कि अपने जीवन को भी उत्कृष्टता के ऊंचे स्तर पर ले जा सकते हैं।

श्रीमती कपूर ने बताया कि क्रिया योग वास्तव में मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक प्रक्रियाओं द्वारा आरोग्य प्राप्त करने की एक कला है, जिसे अपनाकर कोई भी व्यक्ति अपने साधारण जीवन को श्रेष्ठता की ओर ले जा सकता है। उन्होंने कहा कि क्रिया योग की यह विशेषता है कि यह केवल योगियों के लिए नहीं है, बल्कि साधारण व्यक्ति अपने सार्वजनिक, गृहस्थ और प्रोफेशनल जीवन को जीते हुए इसकी साधना कर सकता है।

उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि आज तनाव और डिप्रेशन की समस्या सभी के जीवन को किसी ना किसी तरह से प्रभावित कर रही है। प्यार, दया, सहनशीलता जैसे मानवीय नैसर्गिक गुण हमारे अन्दर से खोते जा रहे हैं, इसलिये जरूरत है कि हम क्रिया योग जैसी सनातन प्रक्रियाओं को फिर से अपनाएं। उन्होंने कहा कि चित्त की चंचलता मनुष्यों में सभी विकारों का कारण है, और क्रिया योग इसी चंचलता को स्थिरता में बदलने का काम करता है, और जीवन में अनुशासन और आरोग्य लाता है।

श्रीमती कपूर ने क्रिया योग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योगिराज श्यामाचरण लाहिरी क्रिया योग के सूत्रधार हैं। उन्होंने एक वृतचित्र के माध्यम से योगिराज लाहिरी महाशय के जीवन को भी लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि आज के युग में जीवन में परमशांति एवं आनन्द प्राप्त करने के लिये क्रिया योग एक आशा की किरण है और यह आत्मबोध और मोक्ष का एक वैज्ञानिक और तर्क संगत मार्ग है।

श्रीमती कपूर ने कहा कि क्रिया योग के अभ्यास से अधिकारी अपनी सेवाओं को बेहतर तरीके से समाज को प्रदान कर सकते हैं, और अपने लम्बे सेवा काल में आने वाली चुनौतियों, तनाव से मुक्त होकर आम आदमी के कल्याण के लिए क्रियान्वित की जा रही सरकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन करने में सहभागी बन सकते हैं।