बुजुर्ग होने पर क्या करें ?

हर इंसान फिर चाहे वह औरत हो या मर्द – एक न एक दिन उम्रदराज होता है। जिंदगी की सीढि़यां चढ़ते हुए इंसान जब 60 साल की उम्र पार करता है तब भी उसके सामने कई प्रकार की चुनौतियां खड़ी हुई दिखाई देती हैं। यह कितनी विचित्र बात है कि जवानी में वह यह सोचता है कि अभी लड़ो, चुनौतियां स्वीकार करो और जब बुजुर्ग हो जाएंगे तो आराम से जिएंगे। लेकिन ऐसा होता कहां है। जब तक सांस हैं, तब तक चुनौतियां हैं। तो आइए, आपको कुछ ऐसे सोल्यूशन्स बताते हैं कि जब आप बुजुर्गियत की ओर बढ़ने लगें तो इन सोल्यूशन्स पर शुरू से ही ध्यान देें:

1. अहंकार, बड़प्पन, गुस्से और असहज होने से बचिए।

2. अपने ही घर में रहिए, लाइफ को एंजॉय करिए, पूरी स्वतंत्रता और निजता के साथ। आत्मनिर्भर बने रहिए।

3. अपने बैंक एकाउंट्स, जमा पूंजी और संपत्ति को अपने पास ही रखें, उसे बांटें या वितरित न करें।

4. अपने बच्चों पर निर्भर न रहें और उनके इन वचनों पर भी भरोसा न करें कि पापा ‘‘जब आप बड़े होंगे तो हम आपका ध्यान रखेंगे।’’ याद रखिए, तब उनकी प्राथमिकताएं बदल चुकी होंगी। वे अगर ध्यान रखते हैं तो उसे सहजता से स्वीकार करिए लेकिन उन पर निर्भर मत होईये।

5. अपने पुराने मित्रों, सहयोगियों और आत्मीयजनों के बीच मिलते-जुलते रहिए और उनकी खुशी के लिए कुछ खर्च करिए और खुश रहिए।

6. इस उम्र में पहुंच कर दूसरों के साथ अपनी तुलना मत करिए, न ही दूसरों से कुछ उम्मीद करिए। अब तो आपको वही मिलेगा, यानी जो आपने बोया है, उसे ही काटेंगे।

7. अपने बच्चों को अपनी तरह रहने के लिए दबाव मत दीजिए। उन्हें उनकी जिंदगी जीने के लिए खुला छोड़ दीजिए और उनके बदलते मूल्य और जीवन को देखकर खुश रहिए।

8. दूसरे लोग जो कुछ कहें, उसे सुनिए और यह मत कहिए कि मेरे जीवन के भी अनुभव हैं। अलबत्ता सुनिए सबकी, करिए अपने मन की।

9. ईश्वर से प्रार्थना जरूर करिए, उससे भीख मत मांगिए और जिन्होंने आपके साथ कुछ बुरा किया है, उन्हें माफ करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करिए।

10. अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखिए। जीवन के महत्त्व को समझिए। दवाओं और खान-पान पर विशेष ध्यान दीजिए।

11. अन्त में, जीवन से अपने को रिटायर मत कीजिए। यह ईश्वर की अमानत है। हर हालत में मुस्कुराहट बांटते हुए, दूसरों को खुशियां देते हुए आगे बढि़ए।

यह कुछ ऐसे बिंदु हैं जिन पर अगर बुजुर्ग लोग अमल करेंगे तो उन्हें न केवल खुशियां मिलेंगी बल्कि वह अपने आसपास के माहौल को भी खुशनुमा बनाए रखेंगे।