अहमदाबाद विमान दुर्घटना: अहमदाबाद, 13 जून। अहमदाबाद में गुरुवार को हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 की दुर्घटना में जहां कई लोगों की जान गई, वहीं भरूच की रहने वाली भूमि चौहाण की जिंदगी बच गई जो किसी चमत्कार से कम नहीं है।
भूमि के बच जाने की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
छुट्टियां बिताकर लंदन लौट रही भूमि को फ्लाइट AI-171 से जाना था, लेकिन अहमदाबाद शहर में भारी ट्रैफिक के चलते वह एयरपोर्ट पर 10 मिनट देर से पहुंचीं और फ्लाइट मिस हो गई।
भूमि बताती हैं कि वे अंकलेश्वर से रवाना हुई थीं, लेकिन अहमदाबाद में ट्रैफिक इतना ज्यादा था कि एयरपोर्ट पहुंचने में देर हो गई। फ्लाइट के चेक-इन गेट पर पहुंचते ही उन्हें अंदर जाने से मना कर दिया गया। निराशा के साथ वापस लौटने के बाद जब उन्होंने विमान दुर्घटना की खबर सुनी, तो वे स्तब्ध रह गईं।
भूमि ने विमान हादसे की खबर एयरपोर्ट से बाहर निकलने के कुछ पलों बाद ही अपने वाहन में सुनी। उन्होंने कहा , “मेरा शरीर कांपने लगा… कोई शब्द नहीं सूझ रहा था। मां दुर्गा और गणपति बप्पा ने मेरी जान बचा ली।”
भूमि की मां ने भी राहत की सांस लेते हुए कहा, “यह मां के आशीर्वाद का ही असर है। मेरी बेटी अपने बच्चे को मेरे पास छोड़ गई थी। शायद उसी बच्चे की वजह से ही वह आज हमारे साथ है।”
ट्रैफिक के कारण हुआ यह विलंब भूमि के लिए जीवनदायिनी साबित हुआ। हादसे की भयावहता को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मैं सुरक्षित हूं, लेकिन यह दुर्घटना बेहद दर्दनाक है।”
Image courtesy: Social Media / facebook
Follow @JansamacharNews



