Bulldozer demolishes an illegal mazar in Shravasti

श्रावस्ती में अवैध मजार पर चला बुलडोजर

श्रावस्ती, 29 जुलाई। श्रावस्ती में अवैध मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह मजार सरकारी भूमि पर बनाई गई थी।

भिनगा-सिरसिया मार्ग पर नगर पालिका परिषद की आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से बने मजार को गिराकर शासकीय संपत्ति को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई प्रशासन, नगर पालिका और राजस्व विभाग के संयुक्त अभियान के तहत की गई।

An illegal mazar is being demolished in Shravasti

यह भूमि खंड गाटा संख्या-121, रकबा 0.1420 हेक्टेयर नगर पालिका भिनगा के अंतर्गत आता है और इसे इमारती लकड़ी भंडारण के लिए आरक्षित किया गया था।

प्रशासन को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इस भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर मजार का निर्माण कर लिया गया है। प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए शासकीय भूमि पर अनधिकृत कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस बल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पहले सीमांकन कर कब्जे की विधिवत पहचान की और संबंधित पक्षों को अग्रिम सूचना दी गई। निर्धारित समय के पश्चात मंगलवार को पूरे प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध मजार के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया।

अवैध मजार सहित सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया और भूमि को पूर्ण रूप से कब्जा मुक्त घोषित किया गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल भी तैनात रहे ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका की आरक्षित भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत हटाया गया है।