C. P. Radhakrishnan will be the new Vice President of India

भारत के नए उपराष्ट्रपति होंगे सी. पी. राधाकृष्णन

नई दिल्ली, 10 सितम्बर। एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन देश के नए उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। उन्होंने आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों के अंतर से पराजित किया।

राज्यसभा महासचिव और निर्वाचन अधिकारी पी. सी. मोदीने पत्रकारों को बताया कि कुल 781 निर्वाचकों में से 767 सांसदों ने उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान किया। इनमें से 752 मत वैध पाए गए, जबकि 15 मत अमान्य घोषित किए गए।

उन्होंने कहा कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों से दिए गए इस्तीफे के बाद आयोजित किया गया। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले मतदान किया।

कई केंद्रीय मंत्रियों—राजनाथ सिंह, अमित शाह, जे. पी. नड्डा, नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान—ने भी मतदान किया। इनके अलावा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, जेडीयू के संजय झा, जेडीएस सांसद एच. डी. देवगौड़ा, शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे, एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेलऔर हम पार्टी के जीतन राम मांझी ने भी मतदान किया।

विपक्ष की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, एनसीपी (एससीपी) नेता शरद पवार, समाजवादी पार्टी अध्यक्षअखिलेश यादवऔर डीएमके सांसद दयानिधि मारनने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सी. पी. राधाकृष्णन का परिचय
तमिलनाडु के तिरुप्पुरमें जन्मे चंद्रपुरम पोनुसामी राधाकृष्णन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र नेता के रूप में की। वे आरएसएस और जनसंघ जैसी संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। इसके बाद उन्होंने राजनीति को लोकसेवा का माध्यम बनाया। वे कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।

राधाकृष्णन झारखंड, तेलंगाना, पुडुचेरी और महाराष्ट्र के राज्यपाल रह चुके हैं। पेशे से कृषक और उद्योगपति, वे अपनी ईमानदारी, दूरदृष्टि और निष्कलंक सार्वजनिक जीवन के लिए जाने जाते हैं।