छत्तीसगढ़ के 50 लाख लोगों ने सामूहिक योग प्रदर्शन कर बनाया रिकार्ड

रायपुर, 21 जून (जनसमा)। तीसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में बुधवार को सवेरे छत्तीसगढ़ राज्य ने एक अनोखा विश्व कीर्तिमान बनाया। मुख्यमंत्री के साथ  राज्य के लगभग 50 लाख लोगों ने अलग-अलग स्थानों पर एकसाथ योगाभ्यास किया। प्रदेश के लगभग 11 हजार स्थानों पर स्कूली बच्चों, बुजुर्गो, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।

मुख्यमंत्री डॉ. सिंह राजधानी रायपुर के बूढ़ातालाब (विवेकानंद सरोवर) के सामने इंडोर स्टेडियम में 600 स्कूली बच्चों के साथ एक घण्टे तक सामान्य योग अभ्यास क्रम के अनुसार योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। योग अभ्यास कार्यक्रम छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में एक साथ लगभग 50 लाख लोगों के योगाभ्यास के कीर्तिमान को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स के आब्जर्वर संतोष अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को इस विश्व कीर्तिमान का प्रमाण पत्र सौंपा। आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ स्कूली बच्चों के अलावा कई जनप्रतिनिधियों और शासन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी योग अभ्यास किया।

डॉ.रमन सिंह ने सामूहिक योग अभ्यास  के बाद स्कूली बच्चों और नागरिको को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ तन-मन से ही स्वस्थ छत्तीसगढ़ और स्वस्थ देश का निर्माण होगा। छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है, जब प्रदेश  के करीब 50 लाख लोगों ने एकसाथ अलग-अलग स्थानों पर योग करके विश्व कीर्तिमान कायम किया है। मैं इसके लिए प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूॅ।