Rail

रायपुर में 5 रेलवे ओव्हर तथा अण्डरब्रिजों का निर्माण जारी

रायपुर, 08 सितम्बर। लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग रायपुर के अंतर्गत वर्तमान में 157 करोड़ 64 लाख रूपए के पांच रेलवे ओव्हर तथा अण्डरब्रिजों का निर्माण तीव्र गति से जारी है।

इसके अलावा चार विभिन्न रेल्वे क्रासिंगों पर रेलवे ओव्हरब्रिज तथा अण्डरब्रिज के निर्माण की मंजूरी के लिए आवश्यक कार्रवाई हो रही है।

लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने शुक्रवार को बताया कि इनके बन जाने से लोगों को  यातायात की अच्छी सुविधा मिल जाएगी। स्वीकृति के लिए चार रेलवे ओव्हर तथा अण्डर ब्रिजों के कार्याें में राजधानी रायपुर अग्रसेन चौक से तेलघानी नाका के पास रेल्वे अण्डरब्रिज तथा मुम्बई हावड़ा रेल लाइन पर डूमरतालाब के पास रेल्वे अण्डरब्रिज और भाटापारा के रेल्वे क्रासिंग क्रमांक 384 रेल्वे स्टेशन के पास रेल्वे अण्डरब्रिज तथा भाटापारा में ही रेल्वे क्रासिंग 385 सिद्ध बाबा गेट के पास रेल्वे अण्डरब्रिज का निर्माण शामिल हैं।

वास्तविक लोकेशन की फोटो नहीं है।

मूणत ने बताया कि निर्माणाधीन कार्यों में उरकुरा-सरोना रेलमार्ग पर गोंदवारा रेल्वे ओव्हरब्रिज का निर्माण लगभग 70 करोड़ रूपए की राशि से किया जा रहा है। इसे आगामी वर्ष 2018 के माह फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

वर्तमान में सभी नौ में से 9-पीयर तथा 11 में से 2 स्पान का निर्माण पूर्ण हो गया है। इसकी कुल लम्बाई 220 मीटर है। इसके अबटमेंट तथा शेष स्पान आदि का निर्माण तेजी से जारी है। इसी तरह उरकुरा-सरोना रेल मार्ग पर गोंदवारा रेल्वे अंडर ब्रिज का निर्माण 20 करोड़ 85 लाख रूपए की राशि से किया जा रहा है। 275 मीटर लम्बाई वाले अंडर ब्रिज में बाटम स्लेब आदि का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस कार्य को आगामी जून 2018 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

मूणत ने बताया कि भाटापारा में रेल्वे क्रासिंग 383 रेल्वे ओव्हरब्रिज के पास रेल्वे अण्डर ब्रिज के निर्माण के लिए पांच करोड़ 50 लाख रूपए की राशि मंजूर की गई है। इस कार्य को आगामी मार्च 2018 तक पूर्ण कर लिए जाने की संभावना है।

इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में हावड़ा-मुम्बई रेल लाइन पर तिल्दा में 25 करोड़ 81 लाख रूपए की राशि से रेल्वे ओव्हरब्रिज का निर्माण तीव्र गति से जारी है। इस कार्य को माह मार्च 2018 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उरकुरा-सरोना बायपास लाइन में 35 करोड़ 40 लाख रूपए की राशि से गोगांव अण्डरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। अभी इसके थ्रस्टब्रेड की ढलाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य को फरवरी 2018 तक पूर्ण कर लिए जाने की संभावना है।