Condolences of Prime Minister and Union Ministers on Ahmedabad plane crash

अहमदाबाद विमान हादसे पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की संवेदनाएं

अहमदाबाद, 12 जून 2025 —अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति का संज्ञान लिया है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से फोन पर बात की और उन्हें अहमदाबाद जाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता तत्काल सुनिश्चित की जाए।

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने जानकारी दी कि वे स्वयं अहमदाबाद रवाना हो रहे हैं ताकि मौके पर राहत कार्यों की निगरानी कर सकें। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और राहत कार्य समन्वित रूप से चलाए जा रहे हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा प्रतिक्रिया बलों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद पुलिस आयुक्त से स्थिति का आकलन करने के लिए बातचीत की है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस दुखद दुर्घटना पर गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल से बातचीत कर राहत और चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। श्री नड्डा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर बेहद दुखद है।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं यात्रियों और उनके परिजनों के साथ हैं।