सम-विषम फार्मूले पर भाजपा की मिलीजुली प्रतिक्रिया

नई दिल्ली, 1 जनवरी। भाजपा ने वायु प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली सरकार के सम-विषम कानून का स्वागत किया है। हालांकि पार्टी ने कहा है कि इस फार्मूले की असली परीक्षा अगले सप्ताह होगी। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार से 15 दिन के लिए प्रायोगिक तौर पर सम-विषम योजना लागू हो गई है।
संसदीय मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए यह बड़ी पहल और एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सम-विषम योजना को सफल बनाने के लिए जनता भी पूरी तरह से सहयोग कर रही है। हालांकि नकवी ने दिल्ली सरकार पर इस योजना को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाते हुए सरकार की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि यदि यह पहल सम है तो इरादा भी विषम नहीं होना चाहिए। मुझे लगता है कि दिल्ली सरकार किसी भी हाल में इस योजना से केवल राजनीतिक अंक बटोरना चाहती है।
वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली सरकार के सम-विषम फार्मूले की असली परीक्षा अगले सप्ताह सोमवार से शुक्रवार के बीच होगी। उन्होंने कहा कि बिना सोचे-समझे और सूक्ष्म अध्ययन के केजरीवाल सरकार ने इस फार्मूले को लागू कर दिया। उपाध्याय ने कहा कि फार्मूले की सफलता पर अभी कोई टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदूषण एक गंभीर समस्या है लेकिन केजरीवाल सरकार को इस मुद्दे पर अन्य सभी राजनीतिक दलों से भी चर्चा करनी चाहिए थी।
वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नये साल के पहले दिन प्रदूषण पर अंकुश के लिए नई शुरूआत को सफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने इसे खुले मन से अपनाया है। दिल्ली वालों ने एक असंभव से काम को करके दिखाया है।
(हि.स.)