The Great Khali

विख्यात रेसलर ‘द ग्रेट खली’ ने जय राम ठाकुर से भेंट की

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से शनिवार को  धर्मशाला में विश्व कुश्ती मनोरंजन (डब्ल्यू डब्ल्यू ई) के विश्व विख्यात हेवीवेट पेशेवर कुश्ती चेम्पियन ‘द ग्रेट खली’ के नाम से मशहूर दलीप सिंह राणा ने भेंट की और निकट भविष्य में हिमाचल प्रदेश में हेवीवेट रेसलिंग चेम्पियनशिप आयोजित करने की योजना के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

खली ने कहा कि उन्होंने पहले भी पिछली सरकार को इस बारे अपना प्रस्ताव भेजा था, लेकिन इस पर कोई गौर नहीं किया गया।

‘द ग्रेट खली’ को इण्डियन बम के नाम से भी जाना जाता है।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के धीरैना गांव से सम्बन्ध रखने वाले दलीप सिंह राणा खली  पेशेवर कुश्ती प्रतियोगिता में अण्डरटेकर को परास्त कर मशहूर हुए।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रेसलिंग चेम्पियनशिप के आयोजन से न केवल राज्य का नाम रोशन होगा, बल्कि इस प्रतियोगिता से एकत्र धन का अधिकतम हिस्सा मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में मेगा कुश्ती प्रदर्शन  के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने की इच्छुक है, लेकिन यह चिन्ताजनक है कि पिछली कांग्रेस सरकार ने खेलों को गम्भीरता से नहीं लिया और न ही इस प्रकार के प्रस्तावों पर कोई कदम उठाए।

मुख्यमंत्री ने खेल मंत्री गोविन्द ठाकुर को राज्य में रेसलिंग चेम्पियनशिप के आयोजन करने के लिए आगे बढ़ने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।