लखनऊ, 5 मई। उत्तरप्रदेश में 15 करोड़ लोगों को सरकार से मुफ्त राशन मिल रहा है। विश्लेषकों का कहना है कि प्रदेश की जनसंख्या 24 करोड़ है और मुफ्त राशन पाने वाले तीन चौथाई के आसपास हैं। क्या यह राज्य में बढ़ती हुई गरीबी का एक चिन्ताजनक पहलू नहीं है?
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत योगी सरकार एक-एक गरीब को चिन्हित कर राशन कार्ड जारी कर रही है।
उत्तरप्रदेश में अंत्योदय कार्ड लाभार्थियों की संख्या 1.29 करोड़ से अधिक है। अब तक प्रदेश में 3.16 करोड़ से अधिक परिवारों के सामान्य राशन कार्ड और 40.73 लाख से अधिक परिवारों के अंत्योदय राशन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है।
सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद तक राशन पहुंचाना है और इसके लिए अभियान चलाकर पात्रता की पहचान की जा रही है।
राशनकार्ड में प्रयागराज ने मारी बाजी
खाद्य एवं रसद विभाग से प्राप्त आंकड़े के अनुसार, प्रयागराज जिले में 9,34,677 सामान्य राशन कार्ड और 40,29,226 लाभार्थी दर्ज किए गए हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर सीतापुर जिला है, जहां 7,74,576 राशन कार्ड और 31,60,253 लाभार्थी हैं। आगरा ने तीसरा स्थान हासिल किया है, यहां 7,38,939 राशन कार्ड बनाए, जिनसे 30,80,875 लाभार्थी जुड़े हैं।
लखनऊ में 7,01,070 राशन कार्ड के जरिए 29,08,145 लाभार्थी जुड़े हैं, जबकि जौनपुर में 6,91,216 राशन कार्ड और 30,56,416 लाभार्थी हैं। गोरखपुर में 6,72,749 राशन कार्ड बनाए गए, जिनसे 26,79,692 लोग लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं आजमगढ़ में 6,70,679 राशन कार्ड और 30,86,602 लाभार्थी हैं।
राशनकार्ड वितरण में बरेली आठवां स्थान हासिल किया है यहां 6,70,677 राशन कार्ड के जरिए 29,19,581 लाभार्थियों के मुफ्त राशन का लाभ मिल रह है। वहीं नौवें स्थान पर सिद्धार्थनगर है यहां 5,89,160 राशन कार्ड और 16,97,709 लाभार्थी हैं, जबकि 10वें स्थान पर लखीमपुर खीरी है जहां 5,86,592 राशन कार्ड और 23,95,374 लाभार्थी दर्ज किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार की प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि ये आंकड़े योगी सरकार की राशन कार्ड योजना की सफलता को दर्शाते हैं।
Follow @JansamacharNews


