नई दिल्ली, 30 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 25वें शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन के तियानजिन पहुँच गए।
वायुयान से उतरने के बाद प्रधानमंत्री का भव्य रेड कारपेट स्वागत किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर अपने स्वागत की फोटोज शेयर करते हुए एक पोस्ट में कहा ‘‘चीन के तियानजिन पहुँच गया हूँ। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में विचार-विमर्श और विभिन्न विश्व नेताओं से मुलाकात के लिए उत्सुक हूँ।”
यह शिखर सम्मेलन कल शुरू होगा। प्रधानमंत्री दो दिवसीय विचार-विमर्श में भाग लेंगे और वैश्विक नेताओं के साथ शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न देशों के प्रमुखों के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा, संपर्क, सतत विकास और वैश्विक सहयोग जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
चीन पाँचवीं बार शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रपति शी जिनपिंग करेंगे। इसमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और 10 अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।



