MP Congress

शिवराज के भतीजे करा रहे नर्मदा में रेत खनन : कांग्रेस

भोपाल, 5 फरवरी | नर्मदा नदी के संरक्षण के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निकाली गई ‘नमामि देवी नर्मदे’ सेवा यात्रा पर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। विपक्षी पार्टी ने नर्मदा नदी में चल रहे रेत खनन का वीडियो भी जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने दावा किया है कि खनन में लगे वाहन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भतीजे के हैं। वहीं भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री का बचाव किया है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख यादव ने रविवार को एक वीडियो जारी किया है, जिसमें नर्मदा नदी में खनन हो रहा है, तो दूसरी ओर रेत परिवहन के लिए वाहन भी लगे दिख रहे हैं। यादव का दावा है कि यह वीडियो नर्मदा नदी में चल रहे खनन का है। यह खनन मुख्यमंत्री के भतीजे प्रद्युम्न सिंह चौहान के लिए हो रहा है। इसके लिए पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं ली गई है।

यादव के मुताबिक, यह वीडियो मुख्यमंत्री के गृह जिले सीहोर के रेहटी तहसील के ग्राम जहाजपुर में शनिवार की दोपहर को बनाया गया है।

कांग्रेस नेता का आरोप है कि बड़ी-बड़ी पोकलेन मशीनों व हाईवा से जल के अंदर से रेत निकाली जा रही है। माइनिंग कर्पोरेशन की ये खदान मुख्यमंत्री के भाई नरेंद्र सिंह के पुत्र प्रद्युम्न सिंह को आवंटित है, जिसे पर्यावरणीय स्वीकृति भी प्राप्त नहीं है।

यादव ने आगे कहा कि 29 जनवरी को खनिज निरीक्षक रश्मि पांडे ने रेत परिवहन में लगे छह डंपरों को पकड़ा था, जिनमें से चार मुख्यमंत्री के भतीजे प्रद्युम्न सिंह के थे। इसके सात दिन बाद बनाया गया ताजा वीडियो साबित करता है कि सत्ता के मद में किस तरह नर्मदा का खनन किया जा रहा है।

यादव के आरोपों पर भाजपा नेता डॉ. हितेश वाजपेयी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह कांग्रेस के भीतर चल रही सिर फुटौव्वल से बचने का अरुण यादव का दांव है, हो सकता है यह खनन यादव के ही संरक्षण में चल रहा हो। यादव अपनी कुर्सी बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, भ्रम फैलाने हेतु।”

ज्ञात हो कि नर्मदा नदी संरक्षण के लिए 11 दिसंबर को अमरकंटक से नर्मदा सेवा यात्रा शुरू की गई है जो 144 दिन तक चलेगी। इसका समापन 11 मई को अमरकंटक में ही होगा। विपक्षी कांग्रेस का कहना है कि सत्ता के संरक्षण में अवैध तरीके से हो रहे रेत खनन पर पर्दा डालने के लिए यह सेवा यात्रा शुरू की गई है।

–आईएएनएस