Amit Shah

त्रिपुरा में माणिक सरकार की सरकार भ्रष्टाचार में संलिप्त है : अमित शाह

कुमारघाट(त्रिपुरा),08 मई (जनसमा)। “मैं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार को चुनौती देता हूँ कि यदि आप पाक साफ हैं, यदि आप के लोग रोज वैली चिटफंड घोटाले में लिप्त नहीं हैं तो रोज वैली चिटफंड घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप दीजिये। अगर जांच सही तरीके से हुई तो रोज वैली का एक-एक पैसा सीपीएम के नेताओं और कैडरों के घर से निकलेगा।”

यह आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कुमारघाट (त्रिपुरा) के फटिकरॉय पीडब्ल्यूडी ग्राउंड में आयोजित विशाल जन-सभा में कहा कि त्रिपुरा की माणिक सरकार की सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में संलिप्त है। जो सरकार त्रिपुरा का विकास नहीं कर सकती, उसे जड़ से उखाड़  फेंकना चाहिए। त्रिपुरा का विकास तभी हो सकता है, जब यहाँ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने।

उन्होंने कहा कि स्वर्ग से भी सुंदर त्रिपुरा का देश में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि एस डी बर्मन, आर डी बर्मन और सोमदेव बर्मन ने  यहाँ के ट्राइब का नाम दुनिया में रोशन करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री त्रिपुरा में विकास की परियोजनाओं के लिए जो हजारों करोड़ की राशि भेजते हैं, वह सत्ताधारी सीपीएम पार्टी के कमीशन की भेंट चढ़ जाता है, इसलिए राज्य का विकास नहीं हो पाता।