India's biggest action on illegal trade related to Pakistan

पाकिस्तान से जुड़े अवैध व्यापार पर भारत की सबसे बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली, 26 जून, 2025 — राजस्व खुफिया निदेशालय यानी डीआरआई ने शुरू किया है एक बड़ा अभियान – “ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट”।

इस ऑपरेशन के तहत अब तक 39 कंटेनर जब्त किए गए हैं, जिनमें भरे थे 1,115 मीट्रिक टन माल। इनकी बाजार कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये आंकी गई है। ये सभी कंटेनर भारत में गलत तरीके से दुबई के नाम से आयात किए जा रहे थे, जबकि ये माल असल में पाकिस्तान में तैयार किया गया था।

डीआरआई की टीमों ने इन खेपों को न्हावा शेवा बंदरगाह पर जब्त किया। मामले में एक आयातक फर्म के साझेदार को गिरफ्तार किया गया है।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने 2 मई 2025 से पाकिस्तान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष व्यापार पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन कुछ कारोबारी इस नीति को धोखा देने के लिए दुबई के रास्ते सामान मंगवा रहे थे।

जांच में सामने आया है कि यह माल पहले कराची से दुबई लाया गया और वहां से ट्रांसशिपमेंट के जरिए भारत भेजा गया। यह एक जटिल नेटवर्क था, जिसमें पाकिस्तानी और यूएई के नागरिक शामिल थे। इनका मकसद था – माल की असली उत्पत्ति यानी पाकिस्तान को छिपाना।

डीआरआई ने डॉक्यूमेंट्स, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शंस और शिपिंग डेटा की गहन जांच की। जांच में पाकिस्तानी कंपनियों के साथ आर्थिक लेनदेन और अवैध वित्तीय फ्लो का भी खुलासा हुआ है।

सरकार की नीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक सीमाओं की रक्षा के लिए “ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट” एक बड़ी और साहसी कार्रवाई मानी जा रही है। डीआरआई की इस कार्रवाई से साफ है कि भारत अब अंतरराष्ट्रीय व्यापार में धोखाधड़ी पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।

39 कंटेनर जब्त

9 करोड़ रुपये का माल

पाकिस्तान में तैयार सामान को दुबई से दिखाकर लाया गया

एक आरोपी गिरफ्तार

वित्तीय लेनदेन में पाकिस्तानी लिंक

देश की सुरक्षा, आर्थिक व्यवस्था और नीति को चुनौती देने वालों पर सरकार की सख्ती जारी है।