Iran, US, Israel confrontation, birth of new instability

ईरान, अमेरिका, इज़राइल टकराव, नई अस्थिरता का जन्म

ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच गहराते टकराव ने पश्चिम एशिया में नई अस्थिरता को जन्म दिया है। तेल आपूर्ति, वैश्विक शांति और क्षेत्रीय संतुलन अब गंभीर खतरे में हैं। आने वाले कुछ दिन इस संघर्ष की दिशा तय करेंगे।
ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका के  राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस हमले के बीच अपने घरेलू विधेयक को पारित कराने के लिए कांग्रेस से अपील की। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर कहा, “रिपब्लिकन पार्टी में अभूतपूर्व एकता दिख रही है। अब समय है उस महान और सुंदर विधेयक को पारित करने का। हमारा देश बहुत अच्छा कर रहा है। मैगा!”

अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में (22 जून 2025) आरही खबरों के अनुसार इज़राइली रक्षा बलों (IDF) ने पुष्टि की कि वह ईरान में अमेरिकी कार्रवाई के बाद रणनीतिक तौर पर जुड़े अभियानों में शामिल है। IDF प्रवक्ता ने बताया कि इज़राइल फोर्डो संवर्धन सुविधा सहित कई ठिकानों पर निगरानी कर रहा है और संभावित विस्तृत ऑपरेशन की तैयारी में है।

ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अमेरिका और इज़राइल के हमलों का जवाब देने के सभी विकल्प खुले रखेगा। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी हमले को संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया। वहीं, ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने कहा कि हमलों से उनका कार्यक्रम नहीं रुकेगा।

सूत्रों के मुताबिक, ईरान अमेरिका और इज़राइल के ठिकानों पर सीधे हमलों के साथ-साथ अपने प्रॉक्सी नेटवर्क को सक्रिय करने की योजना पर विचार कर रहा है। लेबनान, सीरिया, इराक और यमन में ईरान समर्थित गुटों को अलर्ट कर दिया गया है।

ईरान का इज़राइल पर जवाबी हमला
रविवार को ईरान ने इज़राइल की ओर 40 से अधिक मिसाइलें दागीं, जिससे तीन शहरों में भारी तबाही हुई। इन हमलों में कम से कम 23 लोग घायल हुए और कई आवासीय इमारतें नष्ट हो गईं। तेल अवीव में एक विस्फोट में एक बहुमंजिला इमारत पूरी तरह ध्वस्त हो गई, आसपास की कई इमारतें और एक नर्सिंग होम भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अमेरिका की चेतावनी, लेबनान से वापसी आदेश
अमेरिकी विदेश विभाग ने लेबनान में तैनात अपने गैर-आपातकालीन कर्मियों और उनके परिजनों को तुरंत देश छोड़ने का निर्देश दिया है। यह कदम क्षेत्र की तेजी से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए उठाया गया है।

Image: the strike on the nuclear site in Isfahan and in western Iran. Image release by Israel Defense Forces

#iran # us #israel #confrontation #uspresident, #donaldtrump #westasia #israelidefenseforces
#oilsupplies #lebanon