दिल्ली : योग दिवस पर हजारों ने किया योगाभ्यास

नई दिल्ली, 21 जून | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में और उसके चारों ओर वृत्ताकार मार्ग पर योग के लिए करीब 10 हजार लोग इकट्ठे हुए, जिसके चलते यहां का कार्यक्रम शहर का एक बड़ा योग कार्यक्रम बन गया।

फोटो: नई दिल्ली के लोधी गार्डन में योगाभ्यास करते लोग। (आईएएनएस)

स्कूली छात्र, शिक्षक, सरकारी कर्मचारी, राजनेता, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों के साथ-साथ गैर सरकारी संगठनों के स्वयं सेवकों ने सफेद टी-शर्ट और नीले और सफेद पतलून पहन कर योगाभ्यास किए। योगाभ्यास के लिए सेंट्रल पार्क में लाल और नीली दरियां बिछाई गई थीं।

आयोजकों के अनुसार, योग कार्यक्रम में भाग लेने वालों में पतंजलि योग पीठ, आर्ट ऑफ लिविंग, प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के सदस्य शामिल थे।

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया है।

दिल्ली में कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने किया। यह कार्यक्रम सवेरे छह बजे शुरू हुआ और 7.45 बजे तक चला।

इस अवसर पर हजारों लोगों के साथ केंद्रीय नगर विकास मंत्री वेंकैया नायडू, दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग और भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने भी योगासन किए।

नायडू ने कहा, “योग से कई तरह के लाभ होते हैं। यह प्राचीन शक्तिशाली पद्धति है।”

उन्होंने कहा, “योग का सार है कि यह मनुष्य के शरीर, मन और मेधा को एकीकृत करता है। यह व्यक्ति को परिवार से, परिवार को समाज से, समाज को राष्ट्र से और राष्ट्र को पूरी श्रृष्टि से जोड़ता है।”

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) की महिला कमांडो की आत्मरक्षा प्रदर्शन से हुई। सीआईएसएफ की महिला कमांडो दल की सदस्यों ने फिलीपींस की मार्शल आर्ट ‘पेकिटी तिरसिया काली’ का प्रदर्शन किया।

एक गैर सकारी संगठन एबिलिटी अनलिमिटेड के सदस्यों ने ‘योग ऑन ह्वीलचेयर’ का प्रदर्शन किया जिसे लोगों ने खूब सराहा।

पहलवान संग्राम सिंह और फेमिना मिस इंडिया, 2014 कोयल राणा ने अपने योग के अनुभवों और इससे होने वाले लाभ लोगों से साझा किए।

कनॉट प्लेस के अलावा लोधी गार्डन, नेहरू पार्क और तालकटोरा स्टेडियम में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।           –आईएएनएस