सिंहस्थ पुनः भव्य और नये रूप में, हेमा मालिनी ने दी नृत्य प्रस्तुति

भोपाल, 07 मई (जनसमा)। मध्यप्रदेश में गुरूवार की शाम को आई वर्षा और आँधी से उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ मेले में काफी नुकसान हुआ था लेकिन अब फिर से उज्जैन में सिंहस्थ का वातावरण पूर्ण आस्था और भक्ति से परिपूर्ण है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही हैं। श्रद्धालु अपार श्रद्धा एवं भक्ति के साथ क्षिप्रा में स्नान कर पुण्य लाभ ले रहे हैं। आपदा के बाद प्रशासन के विशेष प्रयास से सिंहस्थ पुनः भव्य और नये रूप में दिखाई दे रहा है। प्रशासन व्यवस्थाओं को नए सिरे से बहाल करने के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं।

फोटोः सिंहस्थ में हेमा मालिनी ने कत्थक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।

मंगलनाथ खाक चौक क्षेत्र में धराशायी अस्थाई पंडाल पुनर्निर्माण का काम जारी हैं। बिजली, पानी, साफ-सफाई, गैस सिलेण्डर सप्लाई, खाद्यान्न उपलब्धता एवं सीवरेज़ खाली करने की प्रक्रिया प्रभावी रूप से संचालित हो रही हैं। मच्छरों को भगाने के लिए फॉगिंग मशीन से छिड़काव किया जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए चिकित्सकीय दल तत्पर हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए समुचित प्रबंध हैं। सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के साथ ही फिल्मी सितारों, नामी गिरामी, देश-विदेश के मेहमानों की उज्जैन मेजबानी कर रहा है। मोक्षदायिनी क्षिप्रा में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालु स्वयं को सौभाग्यशाली मान रहे हैं। भारतीय कला एवं संस्कृति को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिये सिंहस्थ के विभिन्न कलामंचों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दी जा रही हैं।

इसी कड़ी में सुप्रसिद्ध अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी ने शुक्रवार की शाम श्री श्रीउत्तम सेवाधाम उजड़खेड़ा जोन में कथक नृत्य एवं रासलीला की प्रस्तुत दी। सुश्री हेमा मालिनी ने ‘मैं राधा बरसाने वाली’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। दो घन्टे से ज्यादा चली इस नृत्य नाटिका को लोगों ने काफी सराहा।