लोगों को समय से न्याय मिलना जरूरी : शिवराज

भोपाल, 14 अगस्त (जस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि समाज में सुव्यवस्था बनी रहे इसके लिये लोगों को समय से न्याय मिलना जरूरी है। इसके बिना लोकतंत्र को मजबूत नहीं कर सकते। आज भी न्याय प्रणाली में लोगों का सबसे अधिक विश्वास है। चौहान शनिवार को यहाँ मध्यप्रदेश न्यायाधीश संघ के अधिवेशन के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की न्याय पालिका की प्रतिष्ठा पूरे देश में है। प्रदेश के अधीनस्थ न्यायालयों में चिन्हित अपराधों में शीघ्र फैसले हुए हैं। इससे जनता में न्याय व्यवस्था के प्रति नया विश्वास पैदा हुआ है। जनता को सस्ता, सुलभ, सरल और सहज न्याय मिले इसके लिये प्रदेश में न्यायालयों में आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करवायी गयी हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को जो सुविधाएँ मिलती है, वही सुविधाएँ सेवानिवृत्ति के बाद न्यायाधीशों को भी उपलब्ध करवायी जायेगी। भोपाल में जजेस गेस्ट हाउस बनाया जायेगा। लोगों के जीवन में प्रसन्नता को बढ़ाने के लिये राज्य सरकार ने आनंद मंत्रालय गठित किया है। न्यायपालिका लोगों को शीघ्र न्याय उपलब्ध करवाकर इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। प्रदेश में मेगा लोक अदालतों के माध्यम से लोगों को शीघ्र न्याय उपलब्ध करवाया गया है। जिस तरह मध्यप्रदेश विकास दर, कृषि विकास दर और बेटी बचाओ में देश में अग्रणी है उसी तरह से लोगों को शीघ्र न्याय दिलाने में भी अग्रणी बने।

मध्यप्रदेश के विधि एवं विधायी तथा लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में न्यायालयों को और सक्षम बनाया जा रहा है। न्यायाधीशों के 556 तथा सपोर्टिंग स्टाफ के साढ़े चार हजार पदों की स्वीकृति दी गयी है। निशुल्क विधिक सेवा की प्रभावी व्यवस्था की गई है। विधि विभाग में पेपरलेस प्रक्रिया लागू की गयी है। उन्होंने बताया कि तहसील और खण्ड स्तर पर 84 नये न्यायालय शुरू किये जायेंगे।