लखनऊ, 9 जून, 2025 — सुप्रसिद्ध मूर्तिकार पद्मश्री रामसुतार द्वारा निर्मित महाराजा सुहेलदेव की अश्वारोही कांस्य प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मंगलवार को ग्रामसभा मसीहाबाद ,ब्लॉक चित्तौरा, बहराइच में किया।
महाराजा सुहेलदेव की 40 फिट ऊंची कांस्य की इस प्रतिमा का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी की देखरेख में कराया गया है। इस प्रतिमा का वजन 17 टन है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य़नाथ ने कहा कि बहराइच में गाजी का नहीं, महाराजा सुहेलदेव की पूजा- सम्मान होना चाहिए।
सीएम ने कहा कि अगले वर्ष से तीन दिवसीय यह कार्यक्रम होना चाहिए। महाराजा सुहेलदेव स्मृति न्यास की पत्रिका को घर-घर तक पहुंचाने, छात्रों को स्कॉलरशिप देने, अच्छी लाइब्रेरी के निर्माण पर जोर दिया। बोले कि इससे आने वाले समय में महाराजा सुहेलदेव जैसे राष्ट्रनायकों के नाम को कोई इतिहास के पन्नों से गायब न कर सके।
इससे पहले लखनऊ में राज्य ललित कला अकादमी की निदेशक श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि महाराजा सुहेलदेव की यह प्रतिमा पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित की गई थी। इसका निर्माण उप्र संस्कृति विभाग के राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश द्वारा कराया गया है। इसे सुप्रसिद्ध मूर्तिकार पद्मश्री रामसुतार, रामसुतार आर्ट क्रिएशन्स प्रा. लि. द्वारा बनाया गया है।
पीएम मोदी ने 16 फरवरी 2021 को किया था शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी 2021 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस परियोजना का शुभारंभ किया था। इसमें ऐतिहासिक चित्तौरा झील के पास पर्यटन विकास के साथ ही महाराजा सुहेलदेव की अश्वारोही प्रतिमा की स्थापना भी शामिल थी।
महाराजा सुहेलदेव की अश्वारोही प्रतिमा (एक नजर)
माध्यम- कांस्य
प्रतिमा का वजन- 17 टन
प्रतिमा की ऊंचाई- 40 फिट
प्रतिमा की चौड़ाई- 17 फिट
प्रतिमा की लंबाई- 40 फिट
प्रतिमा की लागत- लगभग पौने पांच करोड़ रुपये



