अमेरिका में समलैंगिक परेड से पहले संदिग्ध गिरफ्तार

लॉस एंजेलिस, 13 जून। अमेरिका के वेस्ट हॉलीवुड में समलैंगिक परेड से पहले रविवार सुबह सांता मोनिका पुलिस ने बंदूक के साथ एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके पास से विस्फोटकों के साथ एक कार भी जब्त की है।

फोटो: अमेरिका के कैलीफोर्निया के सेंट मोनिका में 12 जून, 2016 को एक टैक्सी की तलाशी करती पुलिस।
(सिन्हुआ/आईएएनएस)

समाचार पत्र ‘लॉस एंजेलिस टाइम्स’ के मुताबिक, ऑरलैंडो में समलैंगिक नाइटक्लब में गोलीबारी की घटना के कुछ घंटों बाद एफबीआई एजेंटों ने इस शख्स की गिरफ्तारी की पुष्टि की। शख्स ने पुलिस को बताया कि वह परेड के लिए शहर में था।

46वीं वार्षिक लॉस एंजेलिस प्राइड परेड समलैंगिकों, लेस्बियन का सबसे बड़ा सार्वजनिक उत्सव है। इसका आयोजन रविवार को वेस्ट हॉलीवुड के सांता मोनिका बुलवार्ड में किया गया।

सामान्यतौर पर इस इस परेड में लगभग 400,000 लोग विभिन्न यौन इच्छाओं की स्वतंत्रता को लेकर जश्न मनाते हैं। इस परेड का आयोजन 1970 से प्रतिवर्ष हॉलीवुड में किया जा रहा है। इसे 1979 में वेस्ट हॉलीवुड में स्थानांतरित कर दिया गया।

एफबीआई प्रवक्ता लॉरा इमिलियर ने मीडिया को बताया कि वे संदिग्ध की गिरफ्तारी को लेकर सांता मोनिका पुलिस विभाग की मदद कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी।

कुछ पुलिस अधिकारियों ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा कि कार में विस्फोटक रखे हुए थे।          –आईएएनएस