हिमाचल में कई जगह बर्फबारी, शिमला में ओले

शिमला, 07 जनवरी । हिमाचल के कई हिस्सों में बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है, जिससे ठण्ड का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य के जनजातीय इलाकों में कल रात से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। किन्नौर व लाहौल-स्पीति की चोटियों के अलावा चंबा और कुल्लू के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है।

राजधानी शिमला में आज सुबह अच्छी धूप के बाद दोपहर को आसमान पर काले बादल छाए और तेज हवाओं के साथ ही ओलावृष्टि शुरू हो गई। ओले गिरने से शहर में सफेद चादर बिछ गई। ओलावृष्टि के बाद पर्यटकों ने इसका मजा लिया।

ओलावृष्टि से शहर में कई जगह ट्राफिक जाम हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से शिमला में हिमपात की संभावना बढ़ गई है। बर्फबारी के इंतजार में यहां पिछले कई दिनों से सैलानियों का जमावड़ा लगा हुआ है।

इधर, राज्य के जनजातीय इलाकों की उंची चोटियों पर हो रहे हिमपात से इन भागों में कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है। लाहौल स्पिीति के केलंग में आज सुबह न्यूनतम तापमान शून्य से 7.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया और यह राज्य का सबसे ठण्डा स्थान रहा।

इसी तरह किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री नीचे रहा। इन क्षेत्रों में ठण्ड से जनजीवन अस्तः-व्यस्त है और प्राकृतिक जलस्त्रोत व झरने बर्फ में तबदील हो गए हैं।

पर्यटन नगरी मनाली में तापमान 1 डिग्री सेल्सियस जबकि सोलन और सुंदरनगर में क्रमशः 4.2 व 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मजेदार बात है कि हिल्स क्वीन शिमला मैदानी क्षेत्रों से गर्म रह रहा है। यहां आज सुबह न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला में पारा 6.8 और चंबा में 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

शिमला में आज अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, उना और नाहन में अधिकतम तापमान क्रमशः 18.4, 18.5, 16.4, 20.5 और 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि बारिश और बर्फबारी अभी जारी रहेगी। मौसम के साफ होने के आसार काफी कम है।

उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के मध्यम व उंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी व निचले इलाकों में बारिश हो सकती है। 9 से 13 जनवरी तक राज्य में मौसम साफ रहेगा।