Hindi magazine from China

चीन से प्रकाशित पहली हिंदी पत्रिका का लोकार्पण दिल्ली और शांगहाई में

चीन से  हिंदी पत्रिका का प्रकाशन शुरू हुआ है।  इस पत्रिका का नाम है ‘समन्वय हिंची’।

शांगहाई में भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में गणतंत्र दिवस के मौके पर  पत्रिका के चीन से प्रकाशन को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया है।

हिंदी पत्रिका ‘समन्वय हिंची’ पहली भारतीय पत्रिका है जिसे भारतीय और चीनी लेखकों की मदद से पूर्वी चीन से प्रकाशित किया जाएगा।

पत्रिका न केवल हिंदी के प्रचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है बल्कि भारतीय और चीनी समुदाय के सदस्यों के संयुक्त योगदान का जीवंत उदाहरण है।

शांगहाई में भारत के महावाणिज्य दूतावास में कौंसुल जनरल  अनिल कुमार राय ने गणतंत्र दिवस पर सभी भारतीयों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी पत्रिका समन्वय हिंची का लोकार्पण पत्रिका के संपादक मंडल के सदस्यों नवीन चन्द्र लोहनी, पल्लवी गोरे, अनीता शर्मा के साथ किया।

इस अवसर पर शांगहाई इंटरनेशनल स्टडीज़ विश्वविद्यालय से सुश्री चेन क्सुन और सुश्री चेन एनलन नाम की दो चीनी लड़कियों ने क्रमशः “हिन्दी सीखने और लिखने की यात्रा” और  “मेरी भारत यात्रा” पर हिंदी भाषा में अपने अनुभवों को सांझा किया।

चीन की हिन्दी वेबसाइट  hindi.cri.com के अनुसार चीनी और भारतीय लेखकों की संयुक्त कोशिश से प्रकाशित पहली हिंदी पत्रिका “समन्वय हिंची” का लोकार्पण गणतंत्र दिवस के मौके पर  26 जनवरी,2019 को शांगहाई और दिल्ली में किया गया।

कवर सहित 108 पृष्ठों वाली पत्रिका के प्रवेशांक में कई चीनी और भारतीय लेखकों की रचनाएं शामिल हैं।

यह अपने तरह की पहली पत्रिका है जिसमें संपादक और लेखक मंडल न केवल भारतीय और चीनी हैं, बल्कि उन्होंने अपनी अभिव्यक्ति के लिए हिन्दी को ही माध्यम बनाया है।

कार्यक्रम में पत्रिका का क्यूआर कोड भी जारी किया गया।

वेबसाइट के अनुसार  पत्रिका के प्रधान संपादक एवं सिसु में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद पीठ के आचार्य नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि दुनिया में तमाम देशों में हिन्दी भाषी पहुँच रहे हैं और वे अपनी भाषा को अभिव्यक्ति के साथ साथ रचनात्मक लेखन में भी उतार रहे हैं।

शांगहाई में भारत के महावाणिज्य दूतावास में अधिकारियों कर्मचारियों सहित भारतीय समुदाय के लगभग 4 सौ से अधिक लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन एचओसी अपर्णा गणेशन ने किया और पुरस्कार वितरण हर्षिता राय ने।

उधर दिल्ली में भी पत्रिका का जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में लोकार्पण किया गया।

वेबसाइट के अनुसार पत्रिका में सांस्कृतिक, व्यावसायिक, सामाजिक, विज्ञान, खेल,पर्यावरण, चीन की हाइस्पीड रेल, चाइना रेडियो इंटरनेशनल के इतिहास, भारत.चीन के अनुभव, चीनी शहरों के संबंध में गंभीर विश्लेषणात्मक लेख, संस्मरण, यात्रा वृतांत और सूचनापरक आलेखों के साथ कहानी, मूल व अनूदित उपन्यास अंश और चीनी कविताओं के अनुवाद भी हैं।

शांगहाई स्थित कुछ भारतीय संस्थाओं की सांस्कृतिक गतिविधियों पर लेख और चीन के प्रमुख शहरों के हिंदी नाम, चीन में हिंदी शिक्षा व हिंदी मीडिया और चीन की आधी आबादी पर पर भी विशेष सामग्री है।