VHP

रोहिंग्या मुस्लिमों के बारे में केंद्र सरकार के निर्णय का समर्थन : विहिप

नई दिल्ली, 27 सितंबर| विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने रोहिंग्या मुस्लिम के बारे में केंद्र सरकार के निर्णय का समर्थन व स्वागत करते हुए कहा है कि देश में कई स्थानों पर रोहिंग्याओं को आतंकवादी गतिविधियों के कारण पकड़ा जा चुका है|

विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डा सुरेन्द्र कुमार जैन ने कहा है कि वे जहां पर भी रहते हैं, वहां कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन जाते हैं और सब प्रकार के अवैध कार्य करते हैं| इसके बावज़ूद उनको जिस तरह का समर्थन मिल रहा है, यह चिंता का विषय है| रोहिंग्या मुसलमानों के पक्ष में मुस्लिम समाज द्वारा पूरे देश में उग्र व आक्रामक प्रदर्शन भी किये जा रहे हैं | ऐसे हर मौकों पर मुसलमानों की उग्रता भविष्य के लिए खतरा बन सकती है| जयपुर की दुर्भाग्यजनक घटना के मूल में यह उग्र प्रदर्शन ही था| विहिप की अपील है कि राष्ट्रीय चिंतन वाले मुस्लिम नेताओं और सरकारों को इस प्रवृत्ति पर रोक लगानी चाहिए, नहीं तो ये कुछ भी रूप धारण कर सकता है |

विहिप महासचिव ने कहा कि अभी तक यही माना जा रहा था कि यह मुस्लिम बौद्ध संघर्ष का ही विषय है| परन्तु पिछले दिनों म्यानमार और बंग्लादेश में रोहिंग्या मुसलमानों द्वारा रोहिंग्या हिन्दुओं की निर्मम हत्याओ और उनकी महिलाओं के साथ बर्बर बलात्कारों से यह सिद्ध हो गया है कि रोहिंग्या मुसलमान सभी गैर मुसलमानों के लिए समान रूप से बर्बर और क्रूर है | सौ से अधिक हिन्दुओं की निर्मम हत्या इन्हीं दिनों में हुई हैं जिनमें से 45 के शव जमीन में दबे मिले हैं| सैकड़ों हिन्दू लापता हैं |

जैन ने सरकार से अपील की है कि केंद्र सरकार बंगलादेश सरकार पर दबाव डालकर रखाइन हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करवाए | म्यानमार सरकार से उन्हें किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर बसाने का आग्रह करें |

विहिप द्वारा म्यांमार, बंगलादेश व भारत में रोहिंग्या पीड़ित हिन्दुओं के लिए राहत शिविर प्रारम्भ कर दिए गए हैं.