BJP

विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है भारतीय जनता पार्टी 

भुबनेश्वर, 16 अप्रैल (जस)|  देश के 17 प्रदेशों में भाजपा एवं भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं, 300 से अधिक सांसद हैं, 1700 से अधिक विधायक हैं, देश की लगभग 60% आबादी और 70% भू-भाग पर भाजपा सरकार जनता की सेवा कर रही हैं।

यह तथ्य प्रस्तुत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को भुबनेश्वर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।

उन्होंने कहा कि हमें संगठन के विस्तार और विकास के लिए अहर्निश काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि केरल, बंगाल, तमिलनाडु, त्रिपुरा, तेलंगाना और नार्थ-ईस्ट के राज्यों में भी हमें पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है। उत्तर-पूर्व के राज्यों के लिए हमने कई इनिशिएटिव लिए हैं और वहां की जनता ने इसे ह्रदय से स्वीकारा है। हमारा पुरुषार्थ जब जनादेश में परिवर्तित होता है, तभी इसे सफलता की संज्ञा दी जाती है।

उन्होंने कहा कि जहां हम चूक गए हैं, वहां हम और मजबूती के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पहुंचें, चारों तरफ कमल ही कमल दिखाई दे।

उन्होंने कहा कि हम जनता को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी केवल और केवल देश के विकास के लिए काम करेगी और भारत को एक बार फिर से ‘विश्वगुरु’  के पद पर प्रतिष्ठित करने का काम करेगी।