Nine terrorist hideouts targeted in Pakistan

पाकिस्तान में नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया

नई दिल्ली, 06 मई्र। कश्मीर के पहलगाम में हुए नरसंहार का बदला लेने के लिए सशस्त्र बलों ने बुधवार सुबह एक सटीक अभियान शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया।

Nine terrorist hideouts targeted in Pakistan

Ministry of defence press release

रक्षा मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर नाम के इस अभियान का उद्देश्य सीधे तौर पर उन आतंकवादी ढांचों को नष्ट करना था, जिनके बारे में माना जाता है कि वे भारतीय धरती पर हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने के पीछे हैं।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया। मंत्रालय ने कहा कि सशस्‍त्र बलों के प्रहार केन्द्रित, नपी-तुली और नॉन एस्‍केलेट्री रहे हैं।

मंत्रालय ने बताया कि किसी भी पाकिस्‍तानी सैन्‍य केन्‍द्र को निशाना नहीं बनाया गया। इसका कहना है कि भारत ने लक्ष्‍यों के चुनाव और कार्रवाई की प‍द्धति में काफी संयम का प्रदर्शन किया है।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये कार्रवाई क्रूर पहलगाम आतंकी हमले के परिदृश्‍य में की गई है। इस आतंकी हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारे गए थे।

इसका कहना है कि सशस्‍त्र बल इस हमले के जिम्‍मेदार लोगों पर प्रहार करने में अपनी वचनबद्धता का पालन कर रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर पर विस्‍तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।

आकाशवाणी के अनुसार भारतीय सशस्‍त्र बलों ने पाकिस्‍तान और पाकिस्‍तान अधिकृत जम्‍मू और कश्‍मीर में मध्‍य रात्रि को आतंकी ढांचों पर प्रहार करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की शुरूआत की।

जिन ठिकानों पर सशस्‍त्र बलों ने हमला किया है, उन्‍हीं ठिकानों से भारत के विरूद्ध आतंकी हमलों के निर्देश दिए गए और योजना बनाई गई थी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की रातभर लगातर निगरानी की।

भारतीय सेना ने कहा है कि पाकिस्‍तान ने एक बार फिर पुंछ राजौरी क्षेत्र के भिंबर गली में गोले दाग कर संघर्ष विराम समझौते का उल्‍लंघन किया है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में भारतीय सेना ने बताया कि वह संतुलित तरीके से प्रतिक्रिया दिखा रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना की ओर से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट-एक्स पर लिखा, “भारत माता की जय।”