Prtiyanka

प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस पार्टी का महासचिव नियुक्त किया गया

प्रियंका गांधी वाड्रा को पहली बार आधिकारिक रूप से कांग्रेस पार्टी का महासचिव नियुक्त किया गया है। उन्हे पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रियंका फरवरी में अपना कार्यभार संभालेंगी ।

लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही कांग्रेस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह घोषणा की।

47 वर्षीय प्रियंका गांधी अब तक वह केवल दो लोकसभा क्षेत्रों रायबरेली और अमेठी में चुनाव प्रबंधन देखती थीं जहां से उनकी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी चुनाव लड़ते आए हैं।

वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी महासचिव के रूप में पदोन्नत किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने के सी वेणुगोपाल को संगठन महासचिव बनाया है। इस पद पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत काम कर रहे थे। वेणुगोपाल कर्नाटक में भी पार्टी मामलों की देखरेख करते रहेंगे।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आज़ाद हरियाणा के कांग्रेस महासचिव प्रभारी होंगे। वे पहले उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे।

लोकसभा में गुना लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सिंधिया निचले सदन में पार्टी के मुख्य सचेतक बने रहेंगे।