प्रियंका ने दी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 12 मई। लोकसभा सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारत पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष के दौरान शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है।

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा आतंकवादियों के विरुद्ध भारतीय सेना की कार्रवाई और पाकिस्तान से सैन्य टकराव के दौरान हमारे कई जवानों की शहादत अत्यंत दुखद है।

हमारी सेना के जांबाज सूबेदार पवन कुमार जी, सिपाही एम मुरली नाइक जी, लांस नायक दिनेश कुमार जी, बीएसएफ के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज जी, सार्जेंट सुरेंद्र कुमार मोगा, राइफलमैन सुनील कुमार और राजौरी के अधिकारी राज कुमार थापा जी ने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। इसके अलावा, कई आम नागरिकों ने भी जान गंवाई है।

शोकाकुल परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। इस मुश्किल घड़ी में पूरा देश शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है। हम सब अपने शहीदों और उनके परिवारों के सदैव ऋणी रहेंगे।