‘भारत पर्व’ में राजस्थान पेवेलियन की छटा ही निराली

जयपुर, 13 अगस्त (जस)। सावन की घटाओं एवं रिमझिम फुहारों के बीच शुक्रवार को केन्द्रीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने नई दिल्ली के इंडिया गेट पर भारत पर्व का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यटन एवं कला राज्य मंत्री डॉं. महेश शर्मा एवं सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौर, केन्द्रीय पर्यटन सचिव विनोद जुत्शी भी उपस्थित थे।

भारत पर्व में 17 राज्यों के थीम पवेलियन बनाए गए हैं। इनमें राजस्थान के पवेलियन की छटा ही निराली है। पारंपरिक बंधेज की चुनरी से सजा पवेलियन राजस्थान के गौरवशाली अतीत एवं वर्तमान की विकास यात्रा को बखूबी दर्शा रहा है। आकर्षक फोटोग्राफ एवं साथ में एल.ई.डी. पर फिल्म प्रदर्शन देखने वालों को आकर्षित कर रही है। इसी कारण भारत पर्व के उद्घाटन समारोह में राजस्थान पवेलियन सभी को आकर्षित कर रहा था।

उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय मंत्रियों ने तिरंगे गुब्बारे उड़ाए तो नौसेना एवं थलसेना के बैंड ने अपनी सुरीली धुनों से दर्शकों एवं श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शनिवार को अपरान्ह 3.30 से 4.30 बजे प्रवासी दिल्ली स्थित विभिन्न राजस्थानी संस्थाओं के कलाकारों ने मुख्य स्टेज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी कला, संस्कृति एवं परम्परा से अवगत कराएंगी।

12 से 18 अगस्त तक चलने वाले ‘भारत पर्व’ उत्सव में राजपथ पर अन्य राज्यों के साथ राजस्थानी व्यंजनों के और हस्तशिल्प सामान के स्टाल भी लगाए गए हैं, जिनपर पहले ही दिन लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा।