temple trusts

राजस्थान में मंदिर-ट्रस्टों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा

मंदिर-ट्रस्टों की व्यवस्था में सुधार एवं दर्शनार्थियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास किया जाएगा।
राजस्थान सार्वजनिक प्रन्यास मण्डल के सभापति एस.डी.  शर्मा शुक्रवार को यहां शासन सचिवालय स्थित समिति कक्ष में पुनर्गठित मण्डल की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मण्डल सलाहकारी बोर्ड है जिसका मुख्य कार्य मंदिरों एवं ट्रस्टों की व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार को सलाह देना है।
उन्होंने कहा कि मण्डल के सुझावों पर बहुत कार्य हुए हैं। कई मंदिरों को वैभवशाली बनाने का कार्य चल रहा है।
मण्डल सभापति ने कहा कि प्रदेशभर के मंदिरों में प्रति वर्ष करोड़ों लोग दर्शन करने आते हैं। मंदिरों एवं ट्रस्टों की व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए सदस्य अपने विवेक एवं अनुभव के आधार पर सुझाव दें।
सुविधाओं में विस्तार होने से दर्शनार्थियों की संख्या में वृद्धि होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ सरकार को राजस्व वृद्धि भी होगी।
देवस्थान विभाग की आयुक्त विनिता बोहरा ने कहा कि सदस्यों के सहयोग से बोर्ड की भावना के अनुसार मंदिरों एवं ट्रस्टों की व्यवस्थाएं बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।
सदस्यों के फील्ड अनुभव के आधार पर सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।