Satisfaction over India-UK Free Trade Agreement

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते पर संतोष

नई दिल्ली, 07 जून । ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार विमर्श किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते और दोहरे योगदान सम्मेलन के सफल समापन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने इस मील के पत्थर तक पहुंचने के लिए दोनों पक्षों के रचनात्मक सहयोग की सराहना की।

मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों में बढ़ती गति का स्वागत किया और भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के गहराने पर संतोष व्यक्त किया।

विदेश मंत्री डेविड लैमी ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने में ब्रिटेन की गहरी रुचि व्यक्त की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एफटीए दोनों देशों के लिए नए आर्थिक अवसर खोलेगा।

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और सीमा पार आतंकवाद से भारत की लड़ाई के लिए समर्थन व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद और इसका समर्थन करने वालों के खिलाफ निर्णायक अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आपसी सुविधानुसार जल्द से जल्द भारत आने का निमंत्रण दोहराया।

डॉ. एस. जयशंकर

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज भारत-यूनाइटेड किंगडम के बीच हाल ही में संपन्न मुक्त व्यापार समझौते और दोहरे योगदान सम्मेलन को मील का पत्थर बताया।

नई दिल्ली में ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड लैमी के साथ अपनी बैठक के दौरान डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह समझौता न केवल दोतरफा व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगा, बल्कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के अन्य रणनीतिक पहलुओं पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा। उन्होंने कहा कि यह आपूर्ति और मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करने में भी योगदान देगा।