लखनऊ, 03 जून — उत्तर प्रदेश में बकरीद पर प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर सख्त रोक लगाई गई है और निर्देश दिए गए कि बकरीद पर कुर्बानी के लिए पूर्व निर्धारित स्थल चिन्हित हों। प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी पूर्णत: वर्जित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की गई समीक्षा बैठक में कहा कि प्रत्येक जिले में कुर्बानी के उपरांत अपशिष्ट निस्तारण की सुनियोजित व्यवस्था रहे। नमाज परंपरागत स्थलों पर ही हो। सड़क मार्ग अवरुद्ध कर नमाज की अनुमति न हो। प्रतिबंधित पशुओं के काटने, परंपरा से हटकर कार्य करने, अराजकता फैलाने वालों की सूची तैयार कर, संदिग्धों पर निषेधात्मक कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 05 जून को गंगा दशहरा, 07 जून को बकरीद और 24 जून को जगन्नाथ रथ यात्रा के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरती जाए। यह समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है।
Follow @JansamacharNews



