सावित्री और काल नदी पर 165 दिन में नए पुल का निर्माण पूरा

नई दिल्ली, 4 जून (जनसमा)| सड़क परिवहन और राजमार्ग तथा जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सोमवार 5 जून, 2017 को सावित्री नदी पर नव-निर्मित पुल का उद्घाटन करेंगे और इसे आम लोगों की आवाजाही के लिए खोलेंगे। खास बात यह है कि 165 दिन के रिकॉर्ड समय में नए पुल का निर्माण पूरा कर दिया गया।

नया पुल 16 मीटर चौड़ा और 239 मीटर लम्बा है। इस पर फुटपाथ, बाढ़ चेतावनी प्रणाली और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके निर्माण में जंगरोधी इस्पात का इस्तेमाल किया गया है।

सावित्री नदी महाबलेश्वर की पहाड़ियों से निकलने वाली  5 नदियों में से एक है। यह  हरेशेश्वर में अरब सागर में गिरती है। काल नदी इसकी प्रमुख सहायक नदी  है जो दासगांव के पास  इसमें आकर मिलती है।

महाराष्ट्र में महाड के निकट सावित्री और काल नदी पर 1928 में बना एक पुराना पुल 2 अगस्त, 2016 को भारी वर्षा के कारण ध्वंस्त हो गया था। गडकरी ने इस पुल के स्थान पर 6 महीने के भीतर नया पुल खड़ा करने की घोषणा की थी।

गडकरी की घोषणा का अनुपालन करते हुए इस परियोजना पर तेजी से काम किया गया और 35.77 करोड़ रुपये की लागत से वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले ही 165 दिन के रिकॉर्ड समय में नए पुल का निर्माण कर दिया गया।