नई दिल्ली, 06 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चिनाब रेल पुल पर तिरंगा झंडा फहराने का उत्सव मनाते हुए इसे अपार राष्ट्रीय गर्व का क्षण बताते हुए इसे सबसे चुनौतीपूर्ण स्थानों पर अत्याधुनिक बुनियादी ढ़ांचे के निर्माण में भारत की बढ़ती क्षमता का साक्षी करार दिया।
एक एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा ;
” चिनाब रेल पुल पर गर्व से लहरा रहा है तिरंगा !
यह अत्यंत गर्व की बात है कि यह पुल महत्वाकांक्षा के साथ क्रियान्वयन का मेल है,जो भारत के सबसे चुनौतीपूर्ण स्थानों पर अत्याधुनिक बुनियादी ढ़ांचा निर्माण की बढ़ती क्षमता को प्रदर्शित करता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा माता वैष्णो देवी के आशीर्वाद से आज वादी-ए-कश्मीर भारत के रेल नेटवर्क से जुड़ गई है। ये अब रेलवे नेटवर्क के लिए भी हकीकत बन गया है। उधमपुर, श्रीनगर, बारामुला, ये रेल लाइन प्रोजेक्ट, ये सिर्फ नाम नहीं है। ये जम्मू कश्मीर के नए सामर्थ्य की पहचान है।
उन्होंने कहा मुझे चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज का लोकार्पण करने का अवसर मिला है। आज ही दो नई वंदे भारत ट्रेनें जम्मू कश्मीर को मिली हैं।
जम्मू कश्मीर की अनेक पीढ़ियां रेल कनेक्टिविटी का सपना देखते देखते गुजर गई। मैं कल सीएम उमर अब्दुल्ला जी का एक बयान देख रहा था और अभी भाषण में भी बताया, वो भी बोले थे कि जब वो सातवीं-आठवीं में पढ़ते थे, तब से इस प्रोजेक्ट के पूरा होने का इंतजार कर रहे थे। आज जम्मू कश्मीर के लाखों लोगों का सपना पूरा हुआ है। और ये भी हकीकत है, जितने अच्छे काम हैं ना, वो मेरे लिए ही बाकी रहे हैं।



