उप्र में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 48 हजार के पार पहुंची

लखनऊ, 09 जून जनसमा। उत्तर प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में पिछले चार साल में उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है। प्रदेश की आर्थिक विकास दर एवं प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2012-13 में प्रदेश की विकास दर जहां 3.9 फीसदी थी, वहीं 2015-16 में बढ़कर 6.6 हो गई है। इसी प्रकार प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है। इस समय प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 48,584 रुपए है, जबकि वर्ष 2012-13 में 35,358 रुपए ही थी। इससे स्पष्ट है कि वर्तमान राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं का असर अब राज्य की अर्थव्यवस्था पर दिखने लगा है।

प्रवक्ता ने बताया कि बुनियादी सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन स्तर में तेजी से बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि उपज, सिंचाई के साथ-साथ कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों से सम्बन्धित आंकड़ों से स्पष्ट है कि वर्ष 2012-13 की तुलना में ग्रामीण एवं नगरीय अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

प्रवक्ता ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय एवं प्रदेश की आर्थिक विकास दर बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने कई ऐसी परियोजनाएं संचालित करने का काम किया, जिससे उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।