योगी आदित्यनाथ बने उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री

लखनऊ, 18 मार्च (जनसमा)। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। वे गोरखपुर से 5 बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा दो उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा बनाए गए हैं। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के 37वें मुख्यमंत्री होंगे।

विधानसभा 2017 चुनाव के बाद भारी बहुमत से जीती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधानसभा के सदस्यों ने आज यहां सर्वानुमति से योगी आदित्यनाथ को अपना नेता चुना।
ऐसा समझा जाता है कि योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लिस्ट में सबसे आगे थे।

यह निर्णय शाम 4 बजे लोक भवन में शुरू हुई विधान मंडल की बैठक में लिया गया। जिसमें केन्द्रीय पर्यवेक्षक वेंकैया नायडू, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, महासचिव भूपेन्द्र यादव उपस्थित और उप्र भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य थे।

राजनीतिक पंडितों का कहना है कि योगी आदित्यनाथ को चुना जाना भाजपा के हिंदुत्व के एजेंडे को धार देना है जिससे पार्टी एक निर्णायक राजनीति कर सके।

याद रहे गोरखपुर से कई बार लोकसभा का चुनाव जीते योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी हैं। वे 1998 में पहली बार लोकसभा का चुनाव जीते थे तब उनकी उम्र 26 साल थी।

योगी आदित्यनाथ ने सन् 2002 में हिंदुत्व युवा वाहिनी की स्थापना की थी और वे इसके लिए पूर्वी उप्र के गोरखपुर, मऊ, देवरिया, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर और संत कबीर नगर में सक्रिय सामाजिक कार्य कर रहे थे।

उप्र के 403 सदस्यों की विधानसभा में 312 सीटें भाजपा के पास हैं।