किसानों से एक-एक प्याज खरीदा जाएगा : शिवराज

भोपाल, 7 जून (जनसमा)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों से एक-एक प्याज खरीदा जायेगा चाहे वह किसी भी साइज का हो। चौहान ने किसानों के आग्रह पर प्याज तुलाई केन्द्र पर वर्तमान में 20-20 किलोग्राम प्याज तौलने के बजाय पूरी ट्राली तौलने का इंतजाम करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्याज किसी भी जिले का हो, खरीदा जाए। किसानों को वापस नहीं भेजे। इस बात का ध्यान रखें कि प्याज अन्य राज्यों का न हो। खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फोटो: शिवराज सिंह चौहान ने 07 जून, 2016 को  शाजापुर में प्याज खरीदी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए।

उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि सड़े-गले प्याज बेचने के लिए नहीं लायें। किसानों को बर्बाद नहीं होने देंगे। किसानों ने पसीना बहाकर खेतों में प्याज पैदा किया है, जिसे कौड़ियों के दाम नहीं बिकने देंगे। चौहान ने मंगलवार को शाजापुर में प्याज खरीदी के लिए बनाए गए ए.बी. रोड स्थित रूचि वेयर हाउस मझानिया का आकस्मिक निरीक्षण किया।

शिवराज सिंह चौहान ने प्याज खरीदी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। वे एक-एक तौल-काँटे पर गए और प्याज खरीदी के लिए की गई व्यवस्था को देखा। उन्होंने प्याज विक्रय के लिए आए किसानों से चर्चा की और खरीदी व्यवस्था के संबंध में विचार जाने। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान अन्नदाता है, जो सबका उदर पोषण करता है। उन्होंने किसानों से कहा कि यदि मंडियों में 6 रूपये किलो से अधिक भाव मिल रहा हो, तो किसान अपना प्याज वहाँ बेचे और 6 रूपये किलों से कम में प्याज नहीं बेचें।

मुख्यमंत्री को किसानों ने अवगत करवाया कि व्यवस्था बहुत अच्छी चल रही है। उनका प्याज पहले मंडियों में एक रूपये किलो भी नहीं बिक रहा था। प्रदेश सरकार ने प्याज खरीदी का फैसला लेकर किसानों के लिए एक अच्छा कार्य किया है। इससे किसानों में खुशी है।

चौहान ने कहा कि आपदा या विपरीत परिस्थितियाँ निर्मित होने पर किसानों के हितों के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार जल्दी ही किसान कल्याण कोष बनाने जा रही है। विपरीत परिस्थितियों के दौरान इस कोष से किसानों को मदद दी जाएगी। प्रदेश सरकार किसानों के साथ है।