परमवीर चक्र ,

परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर द्वीपों के नाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के 21 सबसे बड़े अनाम द्वीपों का 21 परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर नामकरण और नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप पर नेताजी को समर्पित राष्ट्रीय स्मारक के मॉडल का अनावरण किया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर पोर्ट ब्लेयर में 23 जनवरी, 2023 को आयोजित विशेष समारोह में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल हुए।

परमवीर चक्र से सम्मानित सूबेदार मेजर रिटायर्ड ऑनरेरी कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव, सूबेदार मेजर संजय कुमार, नायब सूबेदार बाना सिंह व अन्य जवानों के परिजनों का गृह मंत्री अमित शाह ने सम्मान किया।

 उन्होंने कहा कि आज देशभर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126 वी जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जा रही है।

इस अवसर पर अंडमान निकोबार द्वीप समूह के सुभाष द्वीप, जहां स्वतंत्रता आंदोलन के समय नेताजी रहे थे, वहाँ उनका एक स्मारक बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा लिए गये यह दोनों निर्णय अंडमान निकोबार द्वीप समूह की स्वतंत्रता की स्मृतियों को समग्र देश के साथ जोड़ने वाले हैं और इन निर्णयों से युगों-युगों तक भारत की युवा पीढ़ी को देशभक्ति, शोर्य और पराक्रम का संदेश और संस्कार मिलेंगे ।

उन्होंने कहा कि सेल्यूलर जेल आजादी की लड़ाई का बहुत बड़ा तीर्थ स्थान है और नेताजी द्वारा आजाद हिंद फौज के प्रयासों  से देश को आजाद कराने के कोशिशों  में सर्वप्रथम इस हिस्से को स्वतंत्रता प्राप्त करने का सम्मान मिला और नेताजी ने इसी द्वीप पर पहली बार तिरंगा फहराया।  

मोदी जी ने शहीद द्वीप, स्वराज द्वीप और सुभाष द्वीप का नामकरण किया और आज पराक्रम की पराकाष्ठा कर अपनी जान की चिंता किए बगैर अपना बलिदान देकर आजादी के संरक्षण और देश के सार्वभौमत्व के संरक्षण के लिए लड़ाई लड़ने वालों के नाम पर 21 द्वीपों का नामकरण किया गया है।

शाह ने कहा कि आज पराक्रमी वीरों के पराक्रम को नमन करने के लिए 21 द्वीपों का नामकरण कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 21 दीप जलाने का काम किया है। जब कभी समग्र भारत का इतिहास लिखा जाएगा तब इस घटना को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।