हरियाणा में जाट आरक्षण उग्र, पुलिस फायरिंग

चण्डीगढ़, 19 फरवरी (जनसमा)। हरियाणा में चल रहा जाट आरक्षण आंदोलन आज उग्र हो गया। आंदोलनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। उसके बाद पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। इसमें एक व्यक्ति के मारे जाने और लगभग 8 लोगों के घायल होने की सूचना है। जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। फायरिंग रोहतक-दिल्ली बाईपास के पास हुई है। ऐसा भी बताया जा रहा है कि अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवाओं को भी स्थगित किया गया है।

टेलीविजन समाचारों में बताया गया है कि हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के घर रोहतक में प्रदर्शनकारियों द्वारा हमला किया गया और तोड़फोड़ किये जाने की सूचना है।

जाट आरक्षण आंदोलन के कारण हरियाणा में रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यह आंदोलन राज्य के अधिकतर इलाकों में फैल गया है। झज्जर, सोनीपत, रोहतक, भिवानी और हिसार सहित अनेक स्थानों पर हालात ठीक नहीं हैं। कई जगह स्कूल और बाजार बंद हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा जाने वाली 40 से अधिक रेलगाड़ियां रद्द की जा चुकी हैं। पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने रोहतक शहर में कई स्थानों पर सड़कों को बाधित करने की कोशिशों को नाकाम किया है। अनेक स्थानों पर धारा 144 लगाई गई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अपील भी कोई खास असर नहीं दिखा पाई है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि विभिन्न तबकों को आरक्षण देने के लिए सरकार एक विधेयक लाएगी। विधेयक के लिए समिति का गठन किया गया है जो 31 मार्च तक अपनी रिपोर्ट दे देगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरूवार को आशा की थी कि आरक्षण को लेकर किया जा रहा आंदोलन समाप्त हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।