हरियाणा सरकार पर जनता को विश्वास और भरोसाः मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 01 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 स्वर्ण जयन्ती वर्ष होगा। सभी विभागों को वर्ष के अंत तक हासिल किए जाने वाले लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा गया है। इस वर्ष के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और बड़े पैमाने पर गीता जयन्ती बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र में 134 बड़े और छोटे पर्यटक स्थल विकसित किए जाएंगे।

उनकी आगामी विदेश यात्रा के सम्बंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे 17 से 25 जनवरी, 2016 तक एक प्रतिनिधिमण्डल के साथ चीन और जापान के दौरे पर जा रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विदेशी निवेश आकर्षित करना, निवेशकों को हरियाणा में उपलब्ध उद्यमी हितैषी परिवेश के बारे में बताना और उन्हें 7 और 8 मार्च, 2016 को गुडग़ांव में होने वाले हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट के लिए आमंत्रित करना है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2015 के दौरान राज्य सरकार प्रदेश का माहौल सुधारने में सफल रही है जिससे प्रदेशवासियों में सरकार के प्रति विश्वास और भरोसे का भाव पैदा हुआ है। प्रदर्शन के लिहाज से वर्ष 2016 महत्वपूर्ण वर्ष साबित होगा। मनोहर लाल  इलैक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बिना किसी भेदभाव के सभी अनिवार्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कि राज्य सरकार ने वृद्घावस्था पेंशन समेत सभी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशनों का वितरण बैंकों के माध्यम से करने के लिए एक प्रणाली की शुरूआत की है ताकि उन्हें समय पर पेंशन मिल सके। इसके अतिरिक्त, अपात्र व्यक्तियों को भी लाभार्थियों की सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली की सभी ने सराहना की है और इसके संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।

मनोहर लाल ने कहा कि हमने लोगों को परेशानी-मुक्त और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न प्रणालियों को सरल एवं कारगर बनाया है। तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ई-रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त, सूचना प्रौद्योगिकी का प्रयोग करते हुए लोगों को विभिन्न जन-केन्द्रित सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। लोगों को एक छत के नीचे सभी सेवाएं उपलबध करवाने के लिए ग्राम स्तर पर ग्राम सचिवालय शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सांझा सेवा केन्द्रों के माध्यम से लोगों को 27 भिन्न-भिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं जिन्हें शीघ्र ही बढ़ाकर 164 कर दिया जाएगा।