भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक : मोदी और शाह शामिल

भुवनेश्वर, 15 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को भुवनेश्वर में शुरू हो गई जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ओडिशा समेत कोरोमंडल क्षेत्र में पार्टी के प्रभाव बढ़ाने की रूपरेखा पेश कर सकते हैं।

ओडिशा में विधानसभा चुनाव दो साल बाद होने हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में चुनावी जीत के लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। हाल में हुए विधानसभा चुनावों में जीत के साथ ही भाजपा ने ओडिशा के पंचायत चुनाव में भी अच्छी सफलता हासिल की थी। इसके बाद पार्टी ने अपना जोर अब राज्य की सत्ता में आने पर लगा दिया है।

गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पार्टी पारंपरिक तौर पर कमजोर मानी जाती है। भुवनेश्वर पहुंचकर पीएम मोदी के रोड शो का आयोजन हुआ जहां वह जनता के साथ मुखातिब हुए जिसके बाद वह राजभवन पहुंचे। बता दें कि भाजपा पदाधिकारी राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक की रूपरेखा तैयार करने में जुट गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को भुवनेश्वर पहुंच चुके हैं। हवाईअड्डे से राजभवन तक मोदी के रोड शो में कई सांस्कृतिक दल कार्यक्रम पेश कर रहे हैं। मोदी 1817 में राज्य में अंग्रेजों के खिलाफ हुए पाइका विद्रोह में शामिल होने वाले 16 परिवारों के सदस्यों को सम्मानित करेंगे।

भुवनेश्वर की सड़कों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के मद्देनजर भाजपा के झंडों-बैनरों से पाट दिया गया है। इनमें मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ राज्य भाजपा के नेता केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान और जुएल ओराम को भी स्थान दिया गया है। 1998 में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यहां बैठक हुई थी। इसके बाद भाजपा ने राज्य में बीजू जनता दल से हाथ मिलाया था। 1998 में केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी राजग सरकार में बीजद भी शामिल हुई थी। बाद में ओडिशा में भी बीजद और भाजपा ने मिलकर सरकार बनाई। फिर दोनों के बीच मतभेद उभरे और बीजद ने राजग से नाता तोड़ लिया। इसके बाद से भाजपा राज्य में अपने विस्तार के लिए पूरा जोर लगा दिया। 2014 लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद भाजपा राज्य में केवल एक सीट जीत सकी थी। इसके बाद पंचायत चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा।

इससे पहले अमित शाह का यहां आने पर 74 कमल के फूलों की माला से स्वागत किया गया जिसका आशय 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में बहुमत के अंक से है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि ओडिशा मोदी सरकार की गरीबोन्मुखी नीतियों की प्रयोगशाला है, साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना भी साधा था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2019 लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी सांसदों, नेताओं, कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाने और सरकार के सुशासन एवं लोक कल्याण योजनाओं को जनता के समक्ष पहुंचाने को कह चुके हैं। इस क्रम में प्रधानमंत्री देश के विभिन्न प्रदेशों के सांसदों के साथ पांच बैठकें कर चुके हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का नामकरण जाने माने ओडिया कवि भीमा भोई के नाम पर किया है।

(फाइल फोटो)