Amit Shah

देश की राजनीति में जब तक वंशवाद है, युवाओं का भला नहीं हो सकता

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 27 नवंबर को  राजस्थान के जालौर, सिरोही और पाली में आयोजित विशाल जन-सभाओं को संबोधित किया और कहा कि देश की राजनीति में जब तक वंशवाद है, युवाओं का भला नहीं हो सकता।

शाह ने कहा कि विकास पर बहस करने की कांग्रेस पार्टी की हिम्मत नहीं है तो अब वे नफरत की जातिवादी राजनीति और देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के माता-पिता का अपमान करने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस नेता सी. पी. जोशी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें अब वे जनता में जातिवाद का उन्माद फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार अंगद का पैर है, इसे कोई डिगा नहीं सकता।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की गहलोत सरकार राजस्थान को ‘बीमारु प्रदेश’ में तब्दील कर के गई थी, वसुंधरा सरकार के पांच साल में राजस्थान ‘विकसित प्रदेश’ बना है।

उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर अब तक के दौरान 55 सालों तक कांग्रेस ने देश पर शासन किया लेकिन इन 55 सालों के शासन में कांग्रेस ने सत्ता का उपभोग करने के सिवा कुछ भी नहीं किया।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में ई-मित्र में 900%, आईटीआई में 95%, मेडिकल कॉलेजों की संख्या में 100%, स्नातक सीटों में 100%, राजकीय कॉलेजों की संख्या में 47%, उच्च माध्यमिक विद्यालयों की संक्या में 150% एवं राजकीय विद्यालयों में छात्रों के दाखिले में 20% की वृद्धि हुई है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के वंशवाद की पराकाष्ठा देखिये कि कांग्रेस प्रत्याशी अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं पर ‘भारत माता की जय’ के बदले ‘सोनिया गाँधी जिंदाबाद’ के नारे लगाने को विवश करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस देश में जिस किसी को भी ‘भारत माता की जय’ बोलने में हिचकिचाहट होती है, उन्हें राजनीति में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं, ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष करने के लिए तो हमारे प्राण भी कुछ क्षणों के लिए वापिस आ जाते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गाँधी को राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की जीत का दिवास्वप्न आ रहा है जबकि 2014 से आज तक देश में जितने भी चुनाव हुए, उन सभी चुनावों में कांग्रेस पार्टी की करारी हार हुई है।

उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी बताएं कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी किसके नेतृत्व में चुना लड़ रही है, कांग्रेस की नीति क्या है, उसके सिद्धांत क्या हैं?

उन्होंने राजस्थान की जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की भलाई के लिए फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं।