Mahendra Singh

लोक नर्तक महेन्द्र सिंह कमाल का नाचते हैं ऊंट की पीठ पर

Mahendra Singh

ऊंट की पीठ पर नाचते लोक नर्तक महेन्द्र सिंह

– बी भट्ट, जनसमाचार ब्यूरो

लोक नर्तक महेन्द्र सिंह कमाल का नाच करते हैं, वह भी घोड़ी और ऊंट की पीठ पर।  नवलगढ़ के सूर्यमण्डल मैदान पर माेरारका फाउण्डेशन के सहयोग से  16 से 18 फरवरी के बीच आयोजित शेखावाटी उत्सव 2018 में इस बार दर्शकों ने  घोड़ी और ऊंट  नृत्य का कमाल देखा किन्तु  वाह वाही लूटी महेन्द्र सिंह ने।

महेन्द्र पिछले कई सालों से युवती की पोशाक पहनकर और श्रृंगार करके ऊंट और घोड़ी के साथ नृत्य करते हैं। उन्हे नाचता देखकर अच्छे अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। उनकी अदाएं, हावभाव,  भंगिमाएं यह अहसास ही नहीं होने देती हैं कि वे एक नौजवान हैं।

महेन्द्र नाचते समय साइकिल की रिंग सिर पर रखकर चक्कर लेते हैं और वह देखते ही बनती है। इतना ही नहीं दो-दो, तीन-तीन चारपाई एक के ऊपर एक रखकर, घोड़े और ऊंट को चारपाई पर चढ़ाकर जिस प्रकार नाचते हैं, वह देखने की बात है। महेंद्र की बाॅडी को बैलेंस रखने की कमाल की कला है। उनके साथी सुरेश भी कम नहीं हैं। उनकी अदाएं और संतुलन भी देखते ही बनता है।

Suresh

महेन्द्र सिंह और सुरेश

दिल्ली से शेखावाटी उत्सव कवर करने गए पत्रकारों को नवलगढ़ के सूर्यमण्डल मैदान पर महेन्द्र ने बताया कि  उन्होंने अर्थशास्त्र में एमए किया है किन्तु वे फिटर बनना चाहते हैं और इसके लिए आईटीआई में प्रशिक्षण लेरहे हैं। उनके साथी सुरेश 8वीं कक्षा तक पढ़े हैं किन्तु कमाल का काम करते हैं। दोनों की जोड़ी मेलों,शादियों और उत्सवों में धूम मचाती रहती है।

माेरारका फाउण्डेशन के सहयोग से आयोजित शेखावाटी उत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे राजस्थान के लोक कलाकारों को न केवल मंच मिलता है बल्कि उनका आगे बढ़ने का हौंसला भी बना रहता है।

बिना किसी सरकारी प्रोत्साहन के ये राजस्थानी कलाकार सम्मानपूर्वक अपने पैरों पर खड़े हैं, ठीक ठाक कमाई कर रहे हैं किन्तु सबसे बड़ी बात राजस्थान की लोक कला को जीवंत बनाए हुए हैं।