जर्मन म्यूजियम में होगा सिंहस्थ पर प्रेजेंटेशन

भोपाल, 3 सितम्बर (जस)। देश-विदेश में प्रसिद्ध जर्मनी के फोटो जर्नलिस्ट तथा ब्लॉगर तोरगे बर्गर 19 फरवरी 2017 को जर्मन म्यूजियम में सिंहस्थ-2016 पर वृहद प्रजेंटेशन देगे। बर्गर विश्व के विभिन्न देश का निरंतर भ्रमण कर वहाँ आयोजित महत्वपूर्ण आयोजन का फोटो कवरेज करते रहे हैं। उन्होंने भारत में विभिन्न कुंभ मेलों के विशिष्ट फोटो कवरेज द्वारा अविस्मरणीय छवियों को दुनिया भर में पहुँचाया है। बर्गर ने इस बार उज्जैन पहुँचकर सिंहस्थ महाकुंभ में अंतिम शाही स्नान के दुर्लभ क्षणों को अपने केमरे में कैद किया। उन्होंने सिंहस्थ की विशेषताओं पर केन्द्रित अपना एक विशिष्ट आलेख विश्व के प्रतिष्ठित कैमरा ब्लॉग http://nikonrumors.com/2016/06/11kumbh-mela.aspx  पर प्रदर्शित किया है।

सिंहस्थ-2016 के दौरान दुनिया भर से अनेक महत्वपूर्ण मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि तथा फोटो जर्नलिस्ट एवं वीडियोग्राफर उज्जैन पहुँचे थे। सिंहस्थ में जर्मनी से आये फोटो जर्नलिस्ट एवं ब्लागर तोरगे बर्गर भी इनमें शामिल थे। जनसम्पर्क विभाग द्वारा सिंहस्थ-2016 के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को सिंहस्थ की महत्वपूर्ण गतिविधियों तथा प्रमुख स्नान और शाही स्नान के कवरेज की सुविधाजनक व्यवस्थाओं के बेहतर इंतजाम किये गये थे। बर्गर ने सिंहस्थ के अंतिम शाही स्नान के अवसर पर जनसम्पर्क विभाग के सहयोग की मुक्त कंठ से सराहना की है।

सिंहस्थ के अंतिम शाही स्नान के समय 21 मई की रात्रि में करीब ढाई बजे रामघाट क्षेत्र में कवरेज के दौरान बर्गर का सिंहस्थ प्रवेश-पत्र कही गिर गया था। उन्होंने अपर संचालक, संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय, उज्जैन को इसकी जानकारी दी। रात्रि में ठीक 3 बजे दत्त अखाड़ा क्षेत्र में शैव सम्प्रदाय के साधुगण और नागाओं का शाही स्नान प्रारंभ होने वाला था। ऐसे में इस महत्वपूर्ण फोटो कव्हरेज से वंचित हो जाने के विचार से बर्गर बहुत चिंतित थे। अपर संचालक देवेन्द्र जोशी ने पब्लिक एनाउसमेंट सिस्टम पर एनाउस करवाया कि बर्गर का प्रवेश-पत्र मिलने पर तुरंत प्रेस गैलरी रामघाट पर जमा करवा दिया जाये। कुछ ही समय बाद बर्गर का प्रवेश-पत्र प्राप्त हो गया। तोरगे बर्गर को जब प्रवेश-पत्र प्रदान किया तब उन्होंने प्रसन्न होकर जनसम्पर्क विभाग और पुलिस कर्मियों के प्रति कृतज्ञता जताई।

बर्गर ने दिनांक 31 अगस्त 2016 को प्रेषित मेल द्वारा सिंहस्थ महाकुंभ के अवसर पर शाही स्नान के दौरान प्रेस पास खो जाने के बाद त्वरित खोजकर उन्हें उपलब्ध करवाने के लिये जनसम्पर्क विभाग के प्रति आभार जताया है। उन्होंने ई-मेल के साथ सिंहस्थ महाकुंभ पर केन्द्रित उनका आलेख भी भेजा है।

बर्गर ने जानकारी दी है कि वे जर्मन म्यूजियम में 19 फरवरी 2017 को सिंहस्थ महाकुंभ-2016 पर वृहद प्रेजेंटेशन देंगे। इस उददेश्य से उनके द्वारा अतिविशिष्ट जानकारियों और अन्य महत्वपूर्ण फोटोग्राफ्स तथा वीडियो संकलित किये जा रहे हैं।