क्या आप जानते हैं कि विश्व में 5 हज़ार से अधिक तरह के आलू पाए जाते हैं? ये क़िस्में और भी ज़्यादा ख़ास हैं क्योंकि इनमें से कई लैटिन अमेरिका के छोटे-छोटे इलाक़ों की अनोखी देन हैं.
साथ ही, आलू के 150 जंगली रिश्तेदार भी हैं, जो इसे अलग-अलग पर्यावरणीय चुनौतियों से लड़ने और बेहतर गुणों को अपनाने में मदद करते हैं.
आलू की खेती ख़ासकर छोटे और परिवार-आधारित किसान करते हैं, जिनमें महिलाएँ भी बड़ी भूमिका निभाती हैं.
ये किसान भूख, ग़रीबी और कुपोषण कम करने में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं और साथ ही जैव विविधता के संरक्षण में भी मदद करते हैं.
कुल मिलाकर, आलू सिर्फ़ एक फ़सल नहीं, बल्कि एक इतिहास है, एक संस्कृति है और भविष्य की सुरक्षा का साधन भी.
अगली बार जब आप आलू का स्वाद लें, तो जानिए कि यह आपकी प्लेट में पहँचने तक, कितनी मेहनत और सम्भावनाओं से गुज़रा है.
आलू का स्वादिष्ट सफ़र
आलू की कहानी शुरू होती है दक्षिण अमेरिकी एंडीज़ पर्वतमाला से, जहाँ से यह, 16वीं सदी में योरोप पहुँचा और फिर पूरे विश्व में फैल गया.
आज ये फ़सल सिर्फ़ खाने का साधन नहीं, बल्कि एक रणनीति है जो उन इलाक़ों में पोषण और आजीविका सुनिश्चित करती है जहाँ ज़मीन और पानी जैसी प्राकृतिक सम्पत्तियाँ कम हैं और खेती महंगी पड़ती है.
आलू की सबसे बड़ी ख़ासियत इसकी बहुमुखी उपयोगिता है. यह ठंडे, ग़र्म, सूखे या नम, हर तरह की परिस्थितियों में फल-फूल सकता है.
और तो और, यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर है क्योंकि इसकी खेती में अन्य फ़सलों के मुक़ाबले कम ग्रीनहाउस गैसें उत्पन्न होती हैं.
पिछले दस सालों में आलू की खेती में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे लाखों लोगों को रोज़गार और आय के अवसर मिले हैं. लेकिन भूख और कुपोषण ख़त्म करने के लिए इसकी पूरी क्षमता का अब भी सही उपयोग किया जाना बाक़ी है.(यूएन समाचार)
Follow @JansamacharNews



