Shivraj Singh

किसान चिंता न करें, हर किसान का प्याज खरीदा जाएगा

भोपाल, 22 जून (जनसमा)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से कहा है कि किसान भाई चिंता न करें। हर किसान का प्याज खरीदा जायेगा। उनकी उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और उन्हें लाभकारी मूल्य दिलाया जाएगा।

शिवराज ने बुधवार को किसानों से आग्रह किया कि यह सरकार किसानों की सरकार है। किसानों के लिये काम कर रही है। किसानों को लाभकारी मूल्य मिले इसलिये मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जिसने आठ रूपये किलो प्याज खरीदने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि प्याज की बंपर पैदावार हुई है। खरीदी केन्द्रों पर चारों तरफ से प्याज की आवक हो रही है। प्याज के अंबार लग गये हैं। परिवहन एक समस्या और चुनौती है। उन्होंने किसानों से धैर्य, संयम रखने और सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को टोकन दिये जा रहे हैं। किसान का एक-एक प्याज खरीदा जायेगा।

चौहान ने कहा कि स्वार्थी तत्वों पर नजर रखी जाएगी। किसानों के नाम पर जो अपने स्वार्थ की पूर्ति करते हैं उन पर निगरानी रहेगी। किसानों को बेहतर लाभकारी मूल्य मिल रहा है। मूंग खरीद रहे हैं। उड़द और तुअर खरीद रहे हैं। मूंग जैसी फसलों के मार्केट रेट और खरीदी मूल्य में बहुत फर्क है। फिर भी सरकार हिम्मत कर खरीद रही है। किसानों की पूरी मूंग, उड़द खरीदेंगे। धैर्य और संयम रखिये।

मुख्यमंत्री ने किसानों से आग्रह किया कि वे साफ मूंग लायें। अगर कचरे वाली मूंग लायेंगे और खरीदी केन्द्रों पर तुलवाने का प्रयास करेंगे, इससे मूल्य मिलने में कठिनाई होगी।

चौहान ने किसानों से खरीदी व्यवस्था में लगे राज्य और बाहर के कर्मचारियों को सहयोग करने कर आग्रह करते हुए कहा कि वे खुद व्यवस्था बनायें। पूरा सहयोग करें। इस स्थिति से निपट लेंगे।

(फाइल फोटो)