छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए लगभग 660 करोड़ रूपए का फसल बीमा

रायपुर, 18 मई (जनसमा)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि सूखा राहत मद से किसानों के खातों में अब तक 560 करोड़ रूपए जमा कर दिए गए हैं और लगभग 660 करोड़ रूपए की फसल बीमा की राशि एक सप्ताह के भीतर उनके खातों में जमा करवा दी जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. रमन सिंह बुधवार दोपहर लोक सुराज अभियान के तहत मुंगेली जिले के विकासखंड मुख्यालय पथरिया में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 154 करोड़ रूपए के पूर्ण हो चुके 82 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया, इनमें स्कूल भवन और सड़क आदि से संबंधित कार्य शामिल हैं।

डॉ. सिंह ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत दो हजार 279 हितग्राहियों को अनुदान सामग्री सहित एक करोड़ 27 लाख रूपए के चेक वितरित किए।

उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले वर्ष कमजोर मानसून के कारण प्रदेश में सूखे की स्थिति बनी और प्रभावित क्षेत्रों में राज्य शासन द्वारा राहत के सभी उपाय तत्काल शुरू किए गए। विभिन्न मदों और योजनाओं के तहत सूखा राहत के लिए लगभग 1900 करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे हैं। लगभग नौ लाख 50 हजार किसानों के अल्प कालीन कृषि ऋणों को दीर्घ कालीन ऋणों में परिवर्तित किया गया है। इसके लिए 300 करोड़ रूपए की ब्याज की राशि की उन्हें छूट दी गई है। ब्याज की यह राशि  यह राशि राज्य शासन द्वारा जमा की गई है।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को खेती के लिए सहकारी समितियों के माध्यम से ब्याजमुक्त ऋण दे रही है। इस पर लगभग तीन हजार करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे हैं। राज्य में विगत बारह वर्ष में सिंचाई पम्प कनेक्शनधारक किसानों की संख्या तीन लाख 65 हजार तक पहुंच गई है।