रांची को नॉलेज हब के रुप में विकसित किया जाएगा

रांची, 4 दिसंबर। बगैर हुनर के रोजगार पाना मुश्किल होता जा रहा है। सरकार कौशल विकास पर जोर दे रही है। स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहन भी दे रही है। झारखंड सरकार राज्य को नॉलेज हब के रुप में विकसित करने के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्थानों को लाने के प्रयास में जुटी है। कुछ संस्थानें खुली भी हैं। तकनीकी शिक्षा में गुणवत्ता लाने और इसे स्तरीय बनाने के लिए सरकार राजधानी में तकनीकी विश्वविद्यालय की स्थापना करेगी। इसके लिए कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है।

ट्रिपल आईटी की पढाई इसी सत्र से होने की संभावना है। संस्थान की स्थापना के लिए कांके में जगह तलाश ली गई है। इसके अलावा विश्व स्तरीय संस्थान नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ डिजाईन की तर्ज पर झारखंड इंस्टीच्यूट ऑफ डिजाइनिंग का कोर्स प्रारंभ होने जा रहा है। फिलहाल सरकार उद्योग भवन में इसे चलायेगी। जून माह से पढाई भी शुरु हो जायेगी। संस्थान में 50 प्रतिशत सीट यहां के छात्रों के लिए आरक्षित रहेगा।

जानकारी के अनुसार राज्य सरकार आईआईटी की स्थापना के लिए भी प्रयासरत है। राज्य में एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार ने पहले ही अनुमति प्रदान कर दी है। कौशल विकास को बढावा देने के लिए भारत सरकार पीपीपी मोड पर कांके में एडवांस ट्रेनिंग सेंटर खोलने को इच्छुक है। इसके खुल जाने के बाद आठ सौ प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देकर उनका कौशल विकास किया जायेगा। गौरतलब है कि रांची में आईएएम, केंद्रीय विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय लॉ इंस्टीच्यूट जैसे विश्वस्तरीय संस्थान पूर्व से ही चल रहे हैं।