गैस पाइपलाइन के जरिये झारखंड में 2500 करोड़ रुपये का निवेश

रांची, 13 मई (जनसमा)। केन्द्र सरकार द्वारा जुलाई से झारखण्ड में जगदीशपुर-हल्दिया गैस पाइपलाइन परियोजना की शुरूआत की जा रही है। इस पाइपलाइन परियोजना के जरिये झारखण्ड में लगभग ढाई हजार करोड़ का निवेश किया जा रहा है।

शुक्रवार को केंद्रीय पेट्रोलियम व गैस मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव आशीष चटर्जी ने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास से झारखण्ड मंत्रालय में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान गैस पाइपलाइन के मुद्दे पर चर्चा हुई।

आशीष चटर्जी ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि पाइपलाइन परियोजना में झारखंड में 2500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। डोबी से दुर्गापुर सेक्शन के अंर्तगत 260 कि.मी. क्षेत्र झारखंड में आयेगा। इनमें हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो आदि जिले शामिल हैं। जून 2019 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के साथ रांची व जमशेदपुर में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन का काम भी पूरा कर लिया जायेगा।

उन्होंने बताया कि रांची व जमशेदपुर में घर, उद्योग व वाहनों के लिए पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाई जायेगी। बोकारो-धमरा गैस पाइपलाइन का काम भी इसी दौरान पूरा करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने के बाद गैस उपलब्धता के दो स्त्रोत हो जायेंगे।

चटर्जी ने कहा कि राज्य के 11 जिलों में 560 किमी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के पहले फेज में रांची व जमशेदपुर है। दूसरे फेज में और शहरों को शामिल किया जायेगा। सिटी गैसे डिस्ट्रीब्यूशन में पी.एन.जी. और सी.एन.जी. उपलब्ध करायी जायेगी।

इस अवसर पर रघुवर दास ने कहा कि जगदीशपुर-हल्दिया गैस पाइपलाइन के तहत किये जा रहे कार्य में राज्य सरकार पूर्ण सहयोग देगी। इनके पूर्ण होने के बाद क्लीन एनर्जी की दिशा में भारत लंबी छलांग लगायेगा। ये सस्ते ईंधन भी हैं। लोगों को इससे बचत भी होगी।