पहली बार गीता जयंती को अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव के रुप में मनाया जा रहा है : कविता जैन

चण्डीगढ़ 02 दिसंबर (जस)। हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय तथा सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग की मंत्री कविता जैन ने कहा कि हरियाणा की पावन धरा कुरुक्षेत्र से एक बार फिर पवित्र ग्रन्थ गीता के उपदेश पूरे विश्व में पहुंचेंगे। इन संदेशों में ही पूरे विश्व का सार समाहित है। इन पवित्र उपदेशों को पूरी दुनिया को पहुंचाने के लिए वैश्विक गीता पाठ का आयोजन पहली बार अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में किया जा रहा है।

जैन कुरूक्षेत्र के ब्रहमसरोवर के पावन तट पर गुरूवार को अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 2016 के क्राफ्ट मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत बोल रही थी। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 2016 के राष्ट्रीय क्राफ्ट मेले की शुरूआत मंत्रौच्चारण और शंख की सुरीली गूंज के साथ कविता जैन ने किया। मंत्री ने जैसे ही शिल्प मेले का शुभारम्भ किया, उसी समय 11 राज्यों के कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश के संगीत और वाद्य यंत्रों से निकली सूर और ताल ने ब्रहमसरोवर की फिजा ही बदल दी।

जैन ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से पहली बार गीता जयंती को अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव के रुप में मनाया जा रहा है और विदेशी सैलानी भी इस महोत्सव का आनंद लेने के लिए पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारम्भ करने के लिए राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी 6 दिसम्बर को स्वयं गीतास्थली में पहुंच रहे है। पहली बार हरियाणा सरकार के प्रयासों से महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की है और इस महोत्सव के साथ हरियाणा का गौरव पूरे विश्व में बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस शिल्प मेले में 22 राज्यों से शिल्पकार अपने-अपने प्रदेश की बेहद खुबसूरत शिल्पकला के साथ पहुंचे है। इस शिल्पकला से ब्रहमसरोवर पर भारत की शिल्पकला को एक साथ देखा जा सकता है। इस प्रकार के सुनहरी अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मिल पाएंगे।

(फाइल फोटो)